हनुमान धाम में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की
रामनगर (नैनीताल): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रामनगर के छोई स्थित श्री हनुमान धाम में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को धार्मिक पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि बजरंगबली की कृपा के बिना उनके दरबार तक पहुंच पाना संभव नहीं है। उन्होंने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि कई बार प्रयास के बावजूद यहां आने का अवसर नहीं मिल पाया, लेकिन इस बार ईश्वर की कृपा से अचानक कार्यक्रम बना और उन्हें दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
सीएम धामी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में ऐतिहासिक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्य हुए हैं। अयोध्या राम मंदिर के भव्य निर्माण और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के विकास से श्रद्धालुओं को अभूतपूर्व सुविधाएं मिली हैं। वहीं केदारनाथ धाम और बद्रीनाथ धाम में भी तेजी से आधारभूत ढांचे का विकास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां की आस्था एवं सांस्कृतिक विरासत की रक्षा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से राज्य में सख्त कानून लागू किए जा रहे हैं और धार्मिक सौहार्द बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन चुका है, जहां समान नागरिक संहिता लागू की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के केदारखंड और मानसखंड सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।
उन्होंने आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं। साथ ही शीतकालीन यात्रा भी लगातार जारी है और अब तक लगभग 1.60 लाख श्रद्धालु विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन कर चुके हैं। आगामी चारधाम यात्रा को लेकर भी व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
सीएम धामी ने कहा कि शीतकाल में भी बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच रहे हैं, जो राज्य में धार्मिक पर्यटन के बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है। सरकार का लक्ष्य इस क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाना है, ताकि उत्तराखंड की पहचान वैश्विक स्तर पर और मजबूत हो सके।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, महापौर गजराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, श्री हनुमान धाम ट्रस्ट के आचार्य विजय और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
