देहरादून। उत्तराखंड में जिला योजना समितियों के सदस्यों के सामान्य निर्वाचन के लिए 16 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, हरिद्वार जिला पंचायत के संपूर्ण क्षेत्र को छोड़कर प्रदेश के अन्य जनपदों के निर्धारित प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों में यह चुनाव कराया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन प्रक्रिया 12 अक्टूबर को पूरी हुई। 13 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। प्रत्याशी 14 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे।
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 16 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद दोपहर 3 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी, जो कार्य समाप्ति तक जारी रहेगी।
राज्य निर्वाचन आयोग ने संबंधित जिला मजिस्ट्रेटों को निर्वाचन अधिकारी के रूप में सार्वजनिक सूचना जारी करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सार्वजनिक सूचना की प्रतियां जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय, जिला पंचायत मुख्यालय और नगरीय निकायों के सूचना पट्टों पर प्रदर्शित की जाएंगी, ताकि निर्वाचन से संबंधित जानकारी आमजन तक पहुंच सके।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने स्पष्ट किया कि अधिसूचना जारी होने की तिथि से निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने तक आदर्श आचार संहिता प्रभावी रहेगी। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान संबंधित अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करना होगा।

