Uttarakhand: वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों पर भर्ती, 22 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन

खबर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने उत्तराखंड वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 सितंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।

आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार आवेदन करने की अंतिम तिथि 22 अक्तूबर 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को आवेदन में संशोधन का अवसर 26 और 27 अक्तूबर को मिलेगा। वहीं स्केलर पद के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा 19 नवंबर 2026 से प्रस्तावित है।

200 पदों में किस वर्ग के कितने पद

स्केलर के कुल 200 पदों में अलग-अलग श्रेणियों के लिए पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें 105 पद सामान्य वर्ग, 39 पद अनुसूचित जाति (एससी), 27 पद अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), 21 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और 8 पद अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित हैं। इसके अतिरिक्त नियमानुसार महिला, भूतपूर्व सैनिक, अनाथ, उत्कृष्ट खिलाड़ी और राज्य आंदोलनकारियों को क्षैतिज आरक्षण का लाभ दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: मोती महल रेस्टोरेंट में चोरी करने वाला युवक गिरफ्तार, चोरी का आईफोन व तांबे का गागर बरामद

विज्ञान या गणित के साथ 12वीं पास होना जरूरी

इस भर्ती में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का विज्ञान या गणित विषय के साथ 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। आयु की गणना एक जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष होनी चाहिए। उत्तराखंड के आरक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों को शासन के नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा।

चार घंटे में पुरुषों को 25 और महिलाओं को 14 किमी दौड़ना होगा

स्केलर भर्ती में चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में शारीरिक मानक एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। यह परीक्षा अर्हकारी प्रकृति की होगी। शारीरिक दक्षता परीक्षा में पुरुष अभ्यर्थियों को चार घंटे में 25 किलोमीटर, जबकि महिला अभ्यर्थियों को चार घंटे में 14 किलोमीटर दौड़ पूरी करनी होगी। दौड़ में सफल रहने वाले अभ्यर्थियों को इसके बाद शॉट पुट, लंबी कूद और ऊंची कूद की परीक्षा में शामिल होना होगा। शारीरिक दक्षता परीक्षा में निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले अभ्यर्थी ही अगले चरण के लिए पात्र होंगे।

यह भी पढ़ें 👉  ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज कप्तान एलिसा हीली का संन्यास ऐलान, भारत सीरीज के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहेंगी अलविदा

दूसरे चरण में 100 अंकों की लिखित परीक्षा

शारीरिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए चयन प्रक्रिया के दूसरे चरण में 100 अंकों की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा की अवधि दो घंटे होगी और इसमें वस्तुनिष्ठ प्रकार के प्रश्न पूछे जाएंगे।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital Accident: नथुवाखान में अनियंत्रित होकर खाई में गिरी ऑल्टो, किशोरी समेत दो घायल

लिखित परीक्षा ऑफलाइन माध्यम से होगी। प्रश्न अभ्यर्थियों की निर्धारित शैक्षिक योग्यता से संबंधित होंगे। परीक्षा में गलत उत्तर दिए जाने पर एक-चौथाई अंक की ऋणात्मक अंक व्यवस्था लागू होगी। अंतिम चयन निर्धारित नियमों और चयन प्रक्रिया में अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।

आवेदन शुल्क भी तय

आयोग ने विभिन्न श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क निर्धारित किया है।

  • सामान्य एवं उत्तराखंड ओबीसी: 300 रुपये
  • उत्तराखंड एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस एवं दिव्यांग: 150 रुपये
  • अनाथ अभ्यर्थी: कोई शुल्क नहीं

ये तारीखें रखें याद

प्रक्रियातिथि
ऑनलाइन आवेदन शुरू22 सितंबर 2026
आवेदन की अंतिम तिथि22 अक्तूबर 2026
आवेदन पत्र में संशोधन26-27 अक्तूबर 2026
शारीरिक दक्षता परीक्षा19 नवंबर 2026 से (अनंतिम)

अभ्यर्थियों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले आयोग की ओर से जारी विस्तृत भर्ती विज्ञापन में शैक्षिक योग्यता, आयु, शारीरिक मानक, आरक्षण, प्रमाणपत्र और अन्य शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। आवेदन केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in के माध्यम से ही किया जाना है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page