Nainital: संस्थागत प्रसव शत-प्रतिशत लक्ष्य, स्वास्थ्य विभाग का सघन जागरूकता अभियान तेज

खबर शेयर करें

नैनीताल। जनपद में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के लिए चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने हेतु सघन जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच.सी. पंत के निर्देशन में विभागीय टीमें संभावित होम डिलीवरी वाले क्षेत्रों में घर-घर जाकर जनसंपर्क कर रही हैं।

सीएमओ ने बताया कि जनपद के सभी ब्लॉकों में ब्लॉक कॉर्डिनेटर, आशा कार्यकत्रियों, आशा फैसिलिटेटरों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है, जहां घर पर प्रसव की संभावना अधिक है। आगामी माह में प्रसव वाली गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिजनों तक पहुंचकर उन्हें संस्थागत प्रसव के लिए जागरूक किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  भीमताल में जिला पंचायत गैंग मेटों का धरना, 15–20 वर्षों से कार्यरत मजदूरों को सालभर की मजदूरी देने की मांग

उन्होंने बताया कि वीएचएनडी (ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस) तथा अन्य स्वास्थ्य दिवसों के अवसर पर भी आमजन और गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। स्वास्थ्य टीमें क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर गर्भवती महिलाओं, उनके परिजनों और ग्राम प्रतिनिधियों से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें शीघ्र संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित कर रही हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव फिर टले, प्रदेश की पंचायतों में प्रशासक नियुक्त

अभियान के तहत प्रसव पूर्व एवं प्रसवोपरांत उपलब्ध निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं, सुरक्षित प्रसव व्यवस्था तथा विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी जा रही है, जिससे अधिक से अधिक महिलाएं स्वास्थ्य संस्थानों में प्रसव के लिए प्रोत्साहित हों।

सीएमओ डॉ. एच.सी. पंत ने स्पष्ट किया कि जनपद में शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि गर्भवती महिलाओं का समय से पंजीकरण कराते हुए प्रसव केवल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में ही कराएं, ताकि मां और नवजात शिशु की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: नर्सिंग अधिकारी के 103 और दंत चिकित्सक के 30 पदों पर निकली भर्ती, दो दिसंबर से आवेदन शुरू

इसी क्रम में रामगढ़ ब्लॉक के बस गांव में आयोजित वीएचएनडी कार्यक्रम का निरीक्षण भी किया गया। टीम ने क्षेत्र में जनसंपर्क कर संस्थागत प्रसव को शत-प्रतिशत करने का आह्वान किया। इस दौरान जिला आईईसी अधिकारी डीएस बिष्ट, एएनएम भावना बिष्ट, आशा कार्यकत्री सुनीता आर्या, आंगनवाड़ी कार्यकत्री दया जोशी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page