Udham Singh Nagar: किच्छा में विकास कार्यों को लेकर विधायक बेहड़ सख्त, अधिकारियों को समयबद्ध काम के निर्देश

खबर शेयर करें

विकास दाबड़ा, किच्छा। विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। किच्छा स्थित कार्यालय में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में विधायक ने प्रस्तावित और निर्माणाधीन सड़कों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा कराने के निर्देश दिए।

बैठक में आगामी विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर उन्हें जल्द शासन को भेजने पर भी चर्चा हुई। विधायक बेहड़ ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

यह भी पढ़ें 👉  वेनेजुएला का 5 करोड़ बैरल तेल अमेरिका को देने का ऐलान, ट्रंप बोले- राजस्व पर रहेगा राष्ट्रपति का सीधा नियंत्रण

कई सड़कों के लिए जल्द तैयार होंगे आगणन

विधायक ने वार्ड नंबर-1 फुलसुंगी में फुलसुंगा तक 1.8 किलोमीटर सड़क के डामरीकरण, सिरौली कलां में 1 किलोमीटर आंतरिक सड़कों के निर्माण तथा शिमला मलसा-गिरधरपुर रोड से नीलकंठ कॉलोनी तक 500 मीटर सड़क निर्माण के लिए आगणन जल्द तैयार कराने के निर्देश दिए।

इसके अलावा राज्य योजना 2026-27 के तहत किच्छा क्षेत्र में कई अन्य सड़कों के प्रस्तावों पर भी काम करने को कहा गया। इनमें बंडिया रेलवे फाटक से नमक फैक्ट्री रोड तक 1.5 किलोमीटर सड़क, नजीबाबाद में चीमा लेन रोड का 1.5 किलोमीटर डामरीकरण, ग्राम आनंदपुर में स्कूल वाली सड़क का 600 मीटर डामरीकरण और ग्राम सभा भमरोला में डायनेमिक कॉलोनी की मंदिर वाली सड़क का 1 किलोमीटर डामरीकरण शामिल है।

विधायक ने अधिकारियों से इन सभी कार्यों के एस्टीमेट तत्काल तैयार कराने और राज्य योजना के तहत स्वीकृति के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन सड़कों की स्वीकृति के लिए वह स्वयं भी लगातार प्रयास कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: नए साल की खुशियां मातम में बदलीं, गौलापार में सड़क हादसे में युवक की मौत

दो सड़कों के प्रस्ताव शासन में पहुंचे

विधायक बेहड़ ने बताया कि ग्राम कनकपुर काली मंदिर से गौरीकला तक विनोद मदन के खेत तक 2.5 किलोमीटर सड़क के डामरीकरण और रुद्रपुर वार्ड नंबर-1 की ज्येष्ठा कॉलोनी में 500 मीटर सड़क के डामरीकरण का आगणन शासन को भेजा जा चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों सड़कों को जल्द स्वीकृति मिल जाएगी। स्वीकृति प्राप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू कराने की बात भी उन्होंने कही।

23 स्वीकृत सड़कों की भी हुई समीक्षा

बैठक में राज्य योजना के तहत पूर्व में स्वीकृत कराई गई 23 सड़कों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिन सड़कों पर अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है, उनकी स्थिति को लेकर विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वीकृत कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और जिन कार्यों में औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं, उन्हें जल्द धरातल पर शुरू कराया जाए।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: SIR अभियान ने पकड़ी रफ्तार...92% से अधिक फॉर्म हुए डिजिटाइज, मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की चेतावनी

विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि विकास कार्य सीधे जनता की जरूरतों से जुड़े हैं। इसलिए निर्माणाधीन और प्रस्तावित सभी सड़कों में गुणवत्ता, निर्धारित मानकों और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने के भी निर्देश दिए।

बैठक में सहायक अभियंता गोविंद भट्ट, अवर सहायक अभियंता विजय बिष्ट और हरीश कनवाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page