₹5 के पुराने नोट के बदले ₹1 करोड़ का लालच, फेसबुक विज्ञापन के झांसे में आकर व्यक्ति से ₹1.02 लाख की साइबर ठगी

खबर शेयर करें

फरीदाबाद। फेसबुक पर पुराने नोट खरीदने के विज्ञापन के जरिए एक व्यक्ति को एक करोड़ रुपये का लालच देकर साइबर ठगों ने 1.02 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने पांच रुपये के पुराने ट्रैक्टर छपे नोट के बदले एक करोड़ रुपये देने का झांसा दिया और एयरपोर्ट फीस, कस्टम, जीएसटी समेत विभिन्न शुल्क के नाम पर कई किश्तों में रकम ऐंठ ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हरियाणा के फरीदाबाद सेक्टर-8 निवासी सुनील कुमार जैन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने फेसबुक पर पुराने सिक्के और नोट खरीदने संबंधी एक विज्ञापन देखा। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को एक एक्सचेंज बायर कंपनी का प्रतिनिधि बताया।

यह भी पढ़ें 👉  उधार की रकम मांगना बना आफत...साले-साली ने जीजा को दुकान में पीटा, CCTV में कैद बवाल

आरोपी ने सुनील से उनके पास मौजूद पांच रुपये के पुराने ट्रैक्टर छपे नोट की तस्वीरें मंगवाईं। तस्वीरें देखने के बाद उसने दावा किया कि इस नोट के बदले उन्हें एक करोड़ रुपये मिल सकते हैं।

एयरपोर्ट फीस, कस्टम और जीएसटी के नाम पर वसूली

आरोपियों ने भुगतान से पहले एयरपोर्ट फीस, सिक्योरिटी फीस, कस्टम फीस, सेल टैक्स, जीएसटी और अन्य औपचारिक शुल्क जमा कराने की बात कही। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी शुल्क जमा होते ही एक करोड़ रुपये सीधे खाते में ट्रांसफर कर दिए जाएंगे।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: कैंची धाम मेले के चलते 15 जून को इस विकासखंड के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, आदेश जारी

शिकायत के अनुसार, 14 जुलाई से 21 जुलाई के बीच सुनील कुमार जैन ने अलग-अलग बैंक खातों में कई किश्तों में कुल ₹1,02,267 जमा करा दिए। इसके बावजूद आरोपियों ने न तो कोई भुगतान किया और न ही रकम लौटाई। लगातार बहाने बनाए जाने पर पीड़ित को अपने साथ साइबर ठगी होने का एहसास हुआ।

साइबर थाना ने दर्ज किया मुकदमा

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि साइबर अपराध थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने 25 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मोबाइल नंबरों, बैंक खातों, डिजिटल ट्रांजैक्शन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है।

यह भी पढ़ें 👉  पेट्रोल-डीजल ने फिर बढ़ाई महंगाई की टेंशन, 10 दिन में तीसरी बार बढ़े दाम

सावधानी जरूरी

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर पुराने नोट, सिक्के या अन्य वस्तुओं के बदले भारी रकम देने वाले विज्ञापनों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। किसी भी प्रकार की अग्रिम फीस, टैक्स या प्रोसेसिंग चार्ज मांगने वाले प्रस्ताव अक्सर साइबर ठगी का हिस्सा होते हैं।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page