हल्द्वानी। कैंचीधाम में 15 जून को आयोजित होने वाले वार्षिक स्थापना दिवस मेले के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने ट्रैफिक प्लान तैयार कर लिया है। भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए 14 और 15 जून को बाहरी दोपहिया वाहनों के पर्वतीय इलाकों में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। ऐसे वाहनों को काठगोदाम और कालाढूंगी में रोका जाएगा, जहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवाओं के माध्यम से कैंचीधाम भेजा जाएगा।
श्रद्धालुओं को रंग आधारित शटल सेवा से लाया जाएगा
प्रशासन ने शटल वाहनों को रंग कोड के अनुसार संचालित करने का निर्णय लिया है, जिससे श्रद्धालुओं को लौटते समय असुविधा न हो। हल्द्वानी-काठगोदाम से गुलाबी, भीमताल से हरा, भवाली से पीला और नैनीताल से नीली रंग की शटल सेवा संचालित होगी।
शटल सेवाओं के आंकड़े:
- हल्द्वानी-काठगोदाम से: 100 बस, 25 मैक्स
- भीमताल से: 40 बस, 50 मैक्स
- भवाली से: 20 बस, 80 मैक्स
- नैनीताल से: 10 बस, 20 मैक्स
इनके अलावा गरमपानी, नैनी बैंड बाईपास और सेनिटोरियम से भी शटल सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। कुल मिलाकर 500 से अधिक वाहन श्रद्धालुओं को लाने-ले जाने में लगाए जाएंगे।
15 स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने 15 अस्थायी पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की है, जिनमें पनीराम ढाबा, भवाली रोडवेज स्टेशन, नैनीबैंड रोड, फरसौली परिवहन निगम, नगर पालिका मैदान भवाली, खैरना मंडी पार्किंग, कैंची प्राइवेट पार्किंग, भवाली जल संस्थान कैंपस समेत अन्य स्थान शामिल हैं। इन स्थलों से शटल सेवाएं चलाई जाएंगी।
निर्धारित किराया:
- हल्द्वानी से कैंचीधाम तक: ₹150 (बस), ₹200 (मैक्स)
- भीमताल से: ₹100
- भवाली से: ₹50
प्रशासन ने की सहयोग की अपील
एडीएम विवेक राय ने बताया कि सभी विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जल संस्थान, ऊर्जा निगम और नगर पालिका को पार्किंग स्थलों पर पेयजल, शौचालय और रोशनी की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। वाहन चालकों को श्रद्धालुओं से बेहतर व्यवहार और तय किराया लेने के लिए कहा गया है।
आरटीओ गुरुदेव सिंह ने कहा
“हल्द्वानी और काठगोदाम से दोपहिया वाहनों को आगे नहीं जाने दिया जाएगा। श्रद्धालुओं को शटल सेवा से कैंचीधाम भेजा जाएगा। किराया भी तय कर दिया गया है।”
एडीएम विवेक राय ने अपील की
“श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए व्यवस्थाएं दोगुनी की गई हैं। सभी से प्रशासन को सहयोग करने की अपील की जाती है।”
प्रशासन और पुलिस की ओर से किए गए इंतजामों से मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की उम्मीद है।