लालकुआं (हल्द्वानी)। नैनीताल पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम क्षेत्र में हुई सात चोरी की वारदातों का एक साथ खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कुख्यात हिस्ट्रीशीटर प्रमोद कुमार आर्य उर्फ पिद्दा और उसके साथी राजू बहादुर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹2.28 लाख से अधिक की नकदी, चोरी की मोटरसाइकिल और चोरी के पैसों से खरीदा गया वीवो मोबाइल फोन बरामद किया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, सीओ हल्द्वानी/लालकुआं अमित कुमार तथा प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 26 जून को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 24 मई, 9 जून और 15 जून 2026 को लालकुआं क्षेत्र में देर रात बंद दुकानों के ताले तोड़कर नकदी चोरी की कई घटनाएं हुई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और लगातार सुरागरसी के बाद दोनों आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पूछताछ में आरोपियों ने लालकुआं के चार, मुखानी के दो और काठगोदाम के एक चोरी के मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से ₹2,28,200 की नकदी, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UK04L-3095) तथा चोरी की रकम से खरीदा गया करीब ₹16 हजार कीमत का वीवो मोबाइल फोन बरामद किया है।
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार आर्य उर्फ पिद्दा रात के समय बंद दुकानों के ताले तोड़कर अंदर घुसता था और गल्लों से नकदी चुरा लेता था। उसका साथी राजू बहादुर बाहर निगरानी करता था और आने-जाने वालों पर नजर रखता था। चोरी की रकम दोनों नशे और अन्य खर्चों में उड़ा देते थे।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार आर्य उर्फ पिद्दा थाना लालकुआं का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी, लूट की तैयारी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत 32 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं उसके साथी राजू बहादुर के खिलाफ भी 13 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस तरह दोनों आरोपियों पर कुल 45 मुकदमे दर्ज हैं।
इस उल्लेखनीय सफलता पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम को ₹2,500 के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। पुलिस ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

