Haldwani: सम्मोहन कर कर्नल दंपत्ति से ठगे थे लाखों के गहने, पुलिस ने बिहार के शातिर को दबोचा, सोने के कंगन बरामद

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। बुजुर्ग कर्नल दंपत्ति को झांसे में लेकर आभूषण ठगने वाले गिरोह के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार करने में मुखानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी गए सोने के दो कंगन भी बरामद किए हैं, जबकि उसके फरार साथी की तलाश में दबिश दी जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनपद में अपराधों के त्वरित खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: सड़कों पर नमाज को लेकर सीएम धामी का सख्त रुख, बोले- तय स्थान पर ही हो इबादत

पुलिस के अनुसार आकाश इंक्लेव, लालडांठ विठौरिया निवासी सेवानिवृत्त कर्नल कुंदन सिंह कालाकोटी ने 12 मई 2026 को थाना मुखानी में तहरीर देकर बताया था कि 11 मई को कुछ अज्ञात लोग उनके घर पहुंचे और पत्थर तथा आभूषण चमकाने का झांसा देकर उन्हें और उनकी पत्नी को अपने प्रभाव में ले लिया। इसके बाद आरोपियों ने सोने की चार चूड़ियां, दो चेन और एक अंगूठी ठग ली।

शिकायत के आधार पर थाना मुखानी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। थानाध्यक्ष सुशील जोशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की तलाश शुरू की।

यह भी पढ़ें 👉  अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज की बदहाल व्यवस्था पर संजय पाण्डे का हल्ला बोल, विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी पर उठाए तीखे सवाल

जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने बाजपुर बस अड्डे के पास दबिश देकर एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से ठगी गए सोने के दो कंगन बरामद हुए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा कुमार (25 वर्ष) पुत्र कुमोद साह, निवासी लक्ष्मीपुर, थाना बरारी, जिला कटिहार, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के एक अन्य साथी जितेंद्र साह की तलाश जारी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  टैक्स चोरी का खेल: ‘कच्चे माल’ के लिए गोदाम बने सेफ हाउस, रातों-रात खप रहा लाखों का माल

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गिरोह बुजुर्ग लोगों को निशाना बनाकर आभूषण साफ करने, चमकाने या अन्य बहानों से विश्वास में लेकर ठगी की वारदातों को अंजाम देता है। मामले की जांच जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

नैनीताल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति पर बिना जांच-परख के भरोसा न करें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page