मुंबई : मुंबई के जुहू इलाके में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना ने एक बार फिर बॉलीवुड और मुंबई की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस वक्त यह फायरिंग हुई, उस समय रोहित शेट्टी घर के अंदर ही मौजूद थे। घटना की सूचना मिलते ही जुहू पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी गई।
राहत की बात यह रही कि इस फायरिंग में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। मुंबई पुलिस के वरिष्ठ सूत्रों के मुताबिक, प्राथमिक जांच में सामने आया है कि फायरिंग करने वाला आरोपी एक ही था। पुलिस ने इस मामले में रोहित शेट्टी का बयान भी दर्ज कर लिया है।
Single Shooter, Gangster Angle Under Scanner: पुलिस द्वारा खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज में आरोपी चलते हुए फायरिंग करता नजर आ रहा है। क्राइम ब्रांच के सूत्रों के अनुसार, इस मामले में गैंगस्टर लिंक की आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। सभी संभावित एंगल से मामले की तफ्तीश जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के पीछे कोई आपराधिक गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच ने 12 विशेष टीमें गठित की हैं, जो मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही हैं।
इस मामले में जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुणे पुलिस ने भी कार्रवाई की है। पुणे के वारजे और कर्वेनगर इलाके से चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ये चारों आरोपी देश की एक कुख्यात गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुणे पुलिस इन आरोपियों को आगे की पूछताछ और जांच के लिए मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपने की तैयारी कर रही है।
क्राइम ब्रांच की टीम ने रोहित शेट्टी से विस्तार से पूछताछ भी की है। सूत्रों के मुताबिक, डायरेक्टर से यह जानने की कोशिश की जा रही है कि क्या उन्हें पहले कभी किसी तरह की धमकी मिली थी या किसी पर उन्हें शक है। पुलिस उन सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है, जो जांच में मददगार साबित हो सकते हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी कई बॉलीवुड सेलेब्स के घरों और प्रतिष्ठानों के बाहर फायरिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित घर के बाहर फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की थी।
वहीं कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित ‘कैप्स कैफे’ के बाहर भी तीन बार फायरिंग की घटनाएं हो चुकी हैं। अभिनेत्री दिशा पाटनी के पिता के घर के बाहर हुई फायरिंग का मामला भी काफी चर्चा में रहा था। ऐसे में रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई इस घटना ने फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।
