धामी सरकार का बड़ा फैसला: सिंचाई, सड़क, वन्यजीव संघर्ष और आपदा संचार के लिए 160.54 करोड़ स्वीकृत

खबर शेयर करें

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए कुल 160.54 करोड़ रुपये की योजनाओं को मंजूरी दी है। इस राशि से सिंचाई परियोजनाओं, सड़कों के चौड़ीकरण, मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम और आपदा संभावित जिलों में संचार सुविधाओं के विकास को गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने नाबार्ड वित्त पोषण के तहत सिंचाई विभाग की 16 योजनाओं के लिए 53.68 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं के क्रियान्वयन से किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा मिलेगी और कृषि उत्पादन में वृद्धि की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें 👉  धराली आपदा: खराब मौसम से हेली रेस्क्यू प्रभावित, लिमचीगाड़ वैली ब्रिज तैयार...Video

उधम सिंह नगर जिले की किच्छा विधानसभा क्षेत्र को भी बड़ी सौगात मिली है। नगला-किच्छा मोटर मार्ग (राज्य मार्ग संख्या-44) के कि.मी. 4.850 से 12.600 तक के हिस्से को दो लेन से चार लेन में परिवर्तित करने के लिए 80.63 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत की गई है। इससे यातायात व्यवस्था सुगम होने के साथ-साथ औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में नाबालिग से दुष्कर्म पर फूटा जनआक्रोश, बाजार बंद, सड़कों पर उतरे लोग

मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को कम करने के लिए वन प्रभागों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने एवं संबंधित कार्यों हेतु राज्य आपदा मोचन निधि से 11 करोड़ रुपये की तात्कालिक स्वीकृति दी गई है।

इसके अलावा आपदा की दृष्टि से संवेदनशील जनपदों पिथौरागढ़, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और बागेश्वर में पुलिस संचार नेटवर्क को उन्नत करने के लिए राज्य आपदा मोचन निधि से 15.23 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे आपदा के समय त्वरित संचार और राहत कार्यों को मजबूती मिलेगी।

यह भी पढ़ें 👉  आईआईटीयन से बने "इंजीनियर बाबा", कुंभ में आध्यात्मिक आकर्षण का केंद्र

सरकार के इन निर्णयों को प्रदेश में विकास, सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

You cannot copy content of this page