दिल्ली में छठ पर्व पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा, तैयारियों को लेकर सीएम रेखा गुप्ता ने बुलाई बैठक

खबर शेयर करें

नई दिल्ली। छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। पर्व के महत्व और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस वर्ष पिछले साल के मुकाबले अधिक छठ घाट तैयार किए जाएं, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में किसी तरह की परेशानी न हो।

मुख्यमंत्री ने घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, रोशनी, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि छठ व्रतियों को अर्घ्य देने के दौरान किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: आईटीआई छात्रों को उद्योगों में मिलेगा प्रशिक्षण, ताज, टाटा, महिंद्रा और हीरो समूह से होगा एमओयू

13 नवंबर से शुरू होगा चार दिवसीय छठ महापर्व

वर्ष 2026 में छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर, शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ होगी। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में व्रती भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करते हैं। पर्व के दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य और चौथे दिन उगते सूर्य को उषा अर्घ्य दिया जाएगा। इसके साथ ही व्रती पारण कर व्रत का समापन करेंगे।

यह भी पढ़ें 👉  UKSSSC Recruitment 2026: उत्तराखंड में 101 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी, परीक्षा कैलेंडर में भी बड़ा बदलाव

नहाय-खाय से होगी पर्व की शुरुआत

छठ पूजा के पहले दिन नहाय-खाय की परंपरा निभाई जाएगी। इस दिन व्रती स्नान कर शुद्धता के साथ सात्विक भोजन तैयार करते हैं। परंपरागत रूप से लौकी की सब्जी, चने की दाल और चावल बनाए जाते हैं। पूजा-अर्चना के बाद भोजन ग्रहण कर व्रती महापर्व की शुरुआत करते हैं। अगले दिन खरना के साथ कठिन व्रत का क्रम शुरू होता है।

यह भी पढ़ें 👉  सऊदी अरब ने भारत-पाक समेत 14 देशों के वीज़ा पर लगाई अस्थायी रोक

छठ महापर्व 2026 की प्रमुख तिथियां

  • 13 नवंबर, शुक्रवार: नहाय-खाय
  • 14 नवंबर, शनिवार: खरना
  • 15 नवंबर, रविवार: संध्या अर्घ्य
  • 16 नवंबर, सोमवार: उषा अर्घ्य और पारण

छठ महापर्व के मद्देनजर घाटों की संख्या बढ़ाने और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की पहल से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को राहत मिलने की उम्मीद है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page