नई दिल्ली। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने 6,557 टेक्नीशियन पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के तहत देशभर के विभिन्न रेलवे जोन और उत्पादन इकाइयों में टेक्नीशियन ग्रेड-I (सिग्नल) और टेक्नीशियन ग्रेड-III के कुल 24 ट्रेडों में नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 (रात 11:59 बजे) तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
रेलवे की यह भर्ती तकनीकी क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए बड़ा अवसर मानी जा रही है। चयनित अभ्यर्थियों को भारतीय रेलवे के विभिन्न प्रतिष्ठानों में नियुक्ति दी जाएगी।
महत्वपूर्ण तिथियां
- ऑनलाइन आवेदन शुरू : 30 जून 2026
- आवेदन की अंतिम तिथि : 29 जुलाई 2026 (रात 11:59 बजे)
- आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि : 31 जुलाई 2026
- आवेदन में संशोधन : 1 से 10 अगस्त 2026
- स्क्राइब संबंधी विवरण जमा करने की तिथि : 11 से 15 अगस्त 2026
- CBT परीक्षा : तिथि बाद में घोषित होगी
कौन कर सकता है आवेदन?
टेक्नीशियन ग्रेड-I (सिग्नल) के लिए उम्मीदवार के पास भौतिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर साइंस, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), इंस्ट्रुमेंटेशन आदि विषयों में बीएससी, या संबंधित क्षेत्र में तीन वर्षीय इंजीनियरिंग डिप्लोमा अथवा इंजीनियरिंग डिग्री होना आवश्यक है।
वहीं टेक्नीशियन ग्रेड-III के लिए अभ्यर्थी का 10वीं (मैट्रिक/एसएसएलसी) उत्तीर्ण होना जरूरी है। साथ ही संबंधित ट्रेड में आईटीआई (NCVT/SCVT) प्रमाणपत्र या अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण अनिवार्य है। फिटर, इलेक्ट्रीशियन, वेल्डर, मशीनिस्ट, कारपेंटर, ब्लैकस्मिथ समेत कई ट्रेडों के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
आयु सीमा
- ग्रेड-I सिग्नल: 18 से 33 वर्ष
- ग्रेड-III: 18 से 30 वर्ष
आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। एससी/एसटी को 5 वर्ष, ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर) को 3 वर्ष तथा दिव्यांग एवं पूर्व सैनिकों को भी नियमानुसार अतिरिक्त छूट प्रदान की जाएगी।
आवेदन शुल्क
- सामान्य/OBC/EWS: ₹500
(CBT में शामिल होने पर ₹400 वापस) - SC/ST, महिला, दिव्यांग, पूर्व सैनिक, ट्रांसजेंडर एवं अल्पसंख्यक वर्ग: ₹250
(CBT में शामिल होने पर बैंक शुल्क काटकर पूरी राशि वापस)
श्रेणीवार रिक्तियां
- अनारक्षित (UR): 2,728
- OBC (NCL): 1,565
- SC: 1,009
- EWS: 658
- ST: 597
- पूर्व सैनिक (क्षैतिज आरक्षण): 661
तीन चरणों में होगा चयन
भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT), दस्तावेज सत्यापन (DV) और मेडिकल परीक्षा (ME) के आधार पर किया जाएगा। CBT में 100 प्रश्न पूछे जाएंगे और परीक्षा की अवधि 90 मिनट होगी। प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-तिहाई (1/3) अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू होगी।
न्यूनतम अर्हता अंक:
- सामान्य/EWS : 40%
- OBC-NCL एवं SC : 30%
- ST : 25%
CBT में सफल अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम चयन सभी चरणों में सफल होने वाले उम्मीदवारों का किया जाएगा।
ऐसे करें आवेदन
अभ्यर्थी सबसे पहले रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण करें। इसके बाद लॉगिन कर आवेदन पत्र भरें, आवश्यक दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें। आवेदन शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म सबमिट करें और भविष्य के लिए उसका प्रिंट या पीडीएफ सुरक्षित रख लें।

