किच्छा। “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” अभियान के तहत कुमाऊँ परिक्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को बड़ी सफलता मिली है। एसओटीएफ कुमाऊँ और किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 122.25 ग्राम स्मैक के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है।
यह अभियान प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड के विजन को साकार करने की दिशा में चलाया जा रहा है। कुमाऊँ रेंज की आईजी रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है।
पुलिस के अनुसार 18 मार्च 2026 को लालपुर क्षेत्र में संयुक्त टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान गुरुद्वारा वाली गली के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 122.25 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संतोक सिंह (42) निवासी लालपुर, थाना किच्छा बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 08/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह सितंबर 2025 में भी करीब 152.39 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार हो चुका है। जेल से छूटने के बाद उसने दोबारा नशे के कारोबार में कदम रख दिया था।
जीरो टॉलरेंस पर पुलिस का सख्त रुख
कुमाऊँ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई गई है। किसी भी हाल में नशे के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस का कहना है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा।
