मंदिर में दिल दहला देने वाली घटना…22 दिन पहले शादी करने वाले नवविवाहित जोड़े ने एक ही फंदे से दी जान

खबर शेयर करें

सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। हरगांव थाना क्षेत्र के अनिया कला स्थित प्रसिद्ध महामाई मंदिर परिसर में रविवार सुबह एक नवविवाहित दंपती के शव पेड़ से लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। हैरानी की बात यह है कि इसी मंदिर में महज 22 दिन पहले दोनों ने वैदिक रीति-रिवाज से विवाह किया था।

मृतकों की पहचान लहरपुर क्षेत्र के बस्ती पुरवा निवासी खुशीराम (22) और उसकी पत्नी मोहिनी (19) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे और आपस में दूर के रिश्तेदार भी थे। परिवार की शुरुआती असहमति के बावजूद दोनों ने 6 दिसंबर को घर से भागकर महामाई मंदिर में शादी कर ली थी।

यह भी पढ़ें 👉  दो घंटे इलाज, फिर मौत… शव देने से पहले 30 हजार की मांग! निजी अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर पर FIR

पुलिस के अनुसार, विवाह के बाद कुछ दिनों तक पारिवारिक तनाव जरूर रहा, लेकिन बाद में हालात सामान्य हो गए थे और परिजनों ने भी इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया था। शादी के बाद से खुशीराम अपनी पत्नी के साथ परिवार के बीच ही रह रहा था। ऐसे में अचानक इस तरह का आत्मघाती कदम उठाना सभी के लिए हैरान करने वाला है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: प्रदेश के सभी शिक्षकों और प्रधानाचार्यों के लिए अनिवार्य हुआ डिजिटल तकनीकी प्रशिक्षण

रविवार तड़के जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने मंदिर परिसर में एक पुराने पेड़ से एक ही रस्सी के सहारे पति-पत्नी के शव लटके देखे। यह दृश्य देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही परिजन भी पहुंच गए, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की जानकारी मिलते ही हरगांव थाने के इंस्पेक्टर बलवंत शाही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शादी के महज 22 दिन बाद आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बनीं, जिनके चलते नवविवाहित जोड़े ने यह कदम उठाया।

यह भी पढ़ें 👉  मौनी अमावस्या पर संगम नगरी में विवाद, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का काफिला रोके जाने से बढ़ा तनाव

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से पूछताछ के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।