Uttarakhand: परमार्थ निकेतन में गूंजे गंगा आरती के स्वर, CM धामी और भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने किया गंगा पूजन

खबर शेयर करें

पौड़ी/ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने शुक्रवार को परमार्थ निकेतन पहुंचकर विधिवत गंगा पूजन एवं भव्य गंगा आरती में सहभाग किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने मां गंगा से देश और प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

परमार्थ निकेतन घाट पर आयोजित गंगा आरती के दौरान श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत माहौल देखने को मिला। वेद मंत्रों, भजन-कीर्तन और दीपों की दिव्य आभा के बीच मुख्यमंत्री और भाजपा अध्यक्ष ने मां गंगा की आराधना कर प्रदेश की उन्नति, जनकल्याण और विश्व शांति के लिए प्रार्थना की।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: पहली रेल यात्रा बनी आफत...घबराए भाइयों से ट्रेन में छूटी 82 वर्षीय बीमार मां, बदायूं में सकुशल मिली

इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि मां गंगा के पावन तट पर आना हमेशा आत्मिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा की जीवंत धारा है, जिसने सदियों से देश की आध्यात्मिक चेतना को पोषित किया है।

उन्होंने कहा कि भारत की संत परंपरा ने हर कठिन दौर में समाज को दिशा देने का कार्य किया है। जब-जब देश सामाजिक, सांस्कृतिक और वैचारिक चुनौतियों से गुजरा, तब संतों और ऋषियों ने अपने तप, त्याग और ज्ञान से समाज को नई राह दिखाई। उन्होंने कहा कि आज भी भारत की सांस्कृतिक शक्ति और आध्यात्मिक चेतना विश्व को आकर्षित कर रही है तथा उत्तराखंड जैसी देवभूमि पूरे देश को आध्यात्मिक प्रेरणा देने का कार्य कर रही है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड विधानसभा के द्वितीय तल पर लगी आग, दमकल विभाग ने 10 मिनट में पाया काबू

कार्यक्रम के दौरान स्वामी चिदानंद मुनि ने मुख्यमंत्री एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए गंगा संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और मानव सेवा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है और राष्ट्रहित में लिए गए फैसलों से देश की प्रतिष्ठा विश्वभर में बढ़ी है। उन्होंने उत्तराखंड को दिव्यता, संयम और संगम की धरती बताते हुए मुख्यमंत्री धामी के कार्यों की सराहना की।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तरकाशी (अपडेट): बादल फटने से धराली गांव में आई बाढ़ में चार की मौत, कई अब भी लापता, सीएम धामी ने जताया दुःख...Video

इस दौरान स्वामी अवधेशानंद गिरी, कैलाशानंद गिरी, महंत रवींद्र पुरी, अनिल बलूनी, महेंद्र भट्ट, धन सिंह रावत, रेनू बिष्ट समेत कई संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page