मंडलसेरा के जीतनगर की रहने वाली थी 18 वर्षीय छात्रा आंचल आर्या, पुलिस जांच में जुटी; मौत के कारणों का पता नहीं
बागेश्वर। बागेश्वर में 12वीं की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। नगर के मंडलसेरा क्षेत्र के जीतनगर निवासी 18 वर्षीय आंचल आर्या अपने किराए के कमरे में मृत मिली। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आंचल आर्या पुत्री अजय चंद राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी), नुमाइशखेत में कक्षा 12 की छात्रा थी। पढ़ाई के सिलसिले में वह किराए के कमरे में रह रही थी। मंगलवार सुबह घटना का पता चलने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिस ने छात्रा के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस के अनुसार, परिजनों की मौजूदगी में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
मौत की वजह स्पष्ट नहीं, जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल छात्रा की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद छात्रा के परिवार में शोक का माहौल है। वहीं, शिक्षण संस्थान और क्षेत्र में भी इस घटना से दुख व्याप्त है।

