Uttarakhand: एसएससी एमटीएस परीक्षा में 10 लाख लेकर पास कराने वाला गैंग धरा, दो आरोपी गिरफ्तार

खबर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने कर्मचारी चयन आयोग की एमटीएस भर्ती परीक्षा में बड़े पैमाने पर नकल कराने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नीतीश कुमार निवासी देवरिया (उत्तर प्रदेश) और भास्कर नैथानी निवासी देहरादून के रूप में हुई है। दोनों पर हाईटेक तरीके से परीक्षा प्रणाली में सेंध लगाकर अभ्यर्थियों को पास कराने का आरोप है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी Staff Selection Commission (एसएससी) की एमटीएस भर्ती परीक्षा में कंप्यूटर हैकिंग और रिमोट एक्सेस सॉफ्टवेयर के जरिए नकल करवा रहे थे। गिरोह परीक्षा के दौरान सिस्टम को एक्सेस कर अभ्यर्थियों तक प्रश्नों के उत्तर पहुंचाता था। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि प्रत्येक अभ्यर्थी से परीक्षा में पास कराने के एवज में लगभग 10 लाख रुपये तक वसूले जाते थे।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: बिजली उपभोक्ताओं को मिली राहत, इस महीने यूनिट दर में 89 पैसे तक की छूट

एसटीएफ की कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, दो लैपटॉप और एक इंटरनेट राउटर बरामद किया गया है। जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है ताकि पूरे नेटवर्क और संभावित अन्य आरोपियों का पता लगाया जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: दुष्कर्म के आरोपी श्याम सिंह धानक को मिली जमानत, 19 माह से था जेल में बंद

एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि मामले में संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। यह भी जांच का विषय है कि इस गिरोह का नेटवर्क अन्य राज्यों या परीक्षा केंद्रों तक फैला हुआ है या नहीं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

You cannot copy content of this page