ऋषिकेश: शहर के शिवाजी नगर इलाके में शनिवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक तलाकशुदा महिला की उसके किराये के कमरे में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना रात करीब 10 बजे की है। महिला उस समय घर में अकेली थी। तभी एक युवक बाइक से गली में आया और दरवाजा खटखटाया। जैसे ही महिला ने अंदर का लकड़ी वाला दरवाजा खोला, आरोपी ने बाहर लगे जालीदार दरवाजे से पिस्टल सटाकर गोली चला दी। गोली सीधे महिला के सीने में लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
Cold-Blooded Murder Inside Rented House: कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि मृतका की पहचान प्रीति रावत (32 वर्ष) निवासी यमकेश्वर के रूप में हुई है। वह पिछले एक साल से शिवाजी नगर में किराये पर कमरा लेकर रह रही थी और एक आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से एम्स में कार्यरत थी। कमरे में लकड़ी और लोहे की जाली के दो दरवाजे लगे थे। महिला ने केवल अंदर का लकड़ी वाला दरवाजा खोला था, जबकि जाली बंद ही रही। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने जाली के बाहर से ही गोली चला दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अंदर से दरवाजा बंद होने के कारण पुलिस को जाली तोड़कर घर में प्रवेश करना पड़ा। अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। महिला खून से लथपथ फर्श पर पड़ी हुई थी और उसकी मौत हो चुकी थी।
आठ साल का बेटा ननिहाल में, परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस ने बताया कि मृतका का एक आठ साल का बेटा है, जो वर्तमान में अपने नाना के साथ रहता है। घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
किरायेदार सत्यापन न कराने पर मकान मालिक पर कार्रवाई की तैयारी
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि मकान मालिक द्वारा महिला का किरायेदार सत्यापन नहीं कराया गया था। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए पुलिस मकान मालिक से पूछताछ कर रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हत्या के पीछे की वजह तलाश रही पुलिस
एसपी जया बलूनी ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वारदात किस वजह से की गई और आरोपी कौन है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
पटाखे जैसी आवाज से हुआ खुलासा
पड़ोसी राधेश्याम ने बताया कि उन्हें अचानक पटाखे जैसी तेज आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने चहारदीवारी से झांककर देखा तो महिला खून से लथपथ पड़ी थी। इसके बाद उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी।
