Uttarakhand: CM धामी के जाते ही DAV कॉलेज में बवाल…छात्रों के बीच मारपीट, एक छात्र को चाकू लगा

खबर शेयर करें

देहरादून: राजधानी देहरादून के प्रतिष्ठित डीएवी पीजी कॉलेज में शनिवार को आयोजित छात्रसंघ समारोह उस समय सनसनीखेज मोड़ ले बैठा जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम से रवाना होने के कुछ ही देर बाद कॉलेज परिसर में छात्रों के बीच जमकर बवाल हो गया। समारोह के दौरान डांस कर रहे छात्रों के बीच शुरू हुई मामूली कहासुनी अचानक हिंसक झड़प में बदल गई और देखते ही देखते एक छात्र को चाकू मार दिया गया। इस घटना के बाद पूरे कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

घायल छात्र की पहचान गौरव के रूप में हुई है, जिसे आनन-फानन में कॉलेज की डिस्पेंसरी ले जाया गया, जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। घटना के बाद कॉलेज प्रशासन और वहां मौजूद अन्य छात्र दहशत में आ गए।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: बोतल में पेट्रोल न देने पर गुंडागर्दी...मारपीट की घटना से पेट्रोल पम्प एसोसिएशन में रोष

जानकारी के अनुसार शनिवार को डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रसंघ द्वारा भव्य समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए थे। कार्यक्रम को खास बनाने के लिए मशहूर हरियाणवी गायक मासूम शर्मा को भी बुलाया गया था, जिन्होंने मंच पर लाइव प्रस्तुति देकर छात्रों का खूब मनोरंजन किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल हुए और पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि “युवाओं की ऊर्जा हमें हमेशा अपने कॉलेज के दिन याद दिलाती है। आप केवल छात्र नहीं हैं, बल्कि देश का वर्तमान और भविष्य हैं।” उन्होंने छात्रों से शिक्षा, अनुशासन और समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: कैबिनेट बैठक आज...उपनल कर्मियों को मिल सकती है राहत, नियमितीकरण पर सरकार बना रही नया फार्मूला

लेकिन मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से निकलने के बाद कॉलेज का माहौल अचानक बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गायक की प्रस्तुति के दौरान मंच के सामने डांस कर रहे कुछ छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पहले बहस हुई, फिर धक्का-मुक्की शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान एक छात्र ने कथित तौर पर चाकू निकाल लिया और गौरव पर हमला कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  बागेश्वर हादसा : बाईपास पर वाहन सरयू नदी में गिरा, तीन गंभीर घायल

चाकू लगते ही कार्यक्रम स्थल पर चीख-पुकार मच गई और वहां मौजूद छात्रों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई छात्र इधर-उधर भागने लगे, जबकि कुछ ने घायल छात्र को संभालकर तुरंत उपचार के लिए पहुंचाया।

इस घटना ने कॉलेज प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुख्यमंत्री जैसे वीआईपी के कार्यक्रम के दौरान और उसके तुरंत बाद कॉलेज परिसर में किसी छात्र के पास चाकू जैसी धारदार वस्तु पहुंच जाना सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है।

You cannot copy content of this page