हल्द्वानी: संत निरंकारी मिशन ने रविवार को ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के अंतर्गत ‘स्वच्छ जल, स्वच्छ मन’ परियोजना के तहत एक सफाई अभियान का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड सरकार के दर्जा राज्यमंत्री दिनेश आर्या के द्रवारा चित्रशिला घाट गार्गी नदी और विद्युत शवदाह गृह पर किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत के दौरान जोनल इंचार्ज जोन 57 नैनीताल, जसविंदर सिंह ने मंत्री का स्वागत किया। इस मौके पर मंत्री ने मिशन द्वारा चलाए जा रहे सफाई अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की स्वच्छता पहल से समाज में जागरूकता बढ़ेगी और हम सभी मिलकर अपने पर्यावरण को स्वच्छ रख सकते हैं।
मंत्री ने बाबा हरदेव सिंह के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम को पूरे समाज को समर्पित किया। उन्होंने इस पहल का उद्देश्य जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ-साथ भविष्य की पीढ़ियों के लिए निर्मल जल और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करना बताया।

संत निरंकारी मिशन ने ‘प्रोजेक्ट अमृत’ की शुरुआत 2023 में की थी, जो जल स्रोतों की स्वच्छता और संरक्षण पर आधारित है। इस महाअभियान का उद्देश्य केवल जल स्रोतों की सफाई नहीं, बल्कि जल संरक्षण को हर इंसान के जीवन का अहम हिस्सा बनाना है। इस अभियान ने पहले दो चरणों में शानदार सफलता प्राप्त की है और अब तीसरे चरण में इसे और अधिक व्यापक और प्रभावशाली बनाया गया है।
संत निरंकारी मंडल के सचिव जोगिंदर सुखीजा ने बताया कि यह अभियान देशभर के 27 राज्यों और 900 से अधिक शहरों में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान की विशालता इसे ऐतिहासिक रूप में परिणत करेगी, जिससे जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश अधिक प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचेगा।
सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज ने हमेशा समाज को इस धरती को और सुंदर बनाने की प्रेरणा दी है। इस अभियान के माध्यम से समाज में जागरूकता, सेवा और समर्पण की भावना को बढ़ावा दिया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में संत निरंकारी मिशन हल्द्वानी ब्रांच के संयोजक आनंद सिंह नेगी ने कार्यक्रम की सफलता में योगदान देने के लिए जिलाधिकारी नैनीताल, उप जिलाधिकारी हल्द्वानी, सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी, नगर निगम मेयर हल्द्वानी, पुलिस प्रशासन हल्द्वानी और निरंकारी सेवादल के सभी भाई-बहनों का आभार व्यक्त किया।