शादी का दबाव बना प्रेमिका की मौत की वजह…16 वर्षीय किशोरी की हत्या कर शव 4 फीट गहरे गड्ढे में दफनाया, तीन महीने बाद खुला राज

खबर शेयर करें

दौसा/भोपाल। मध्य प्रदेश और राजस्थान से जुड़ा एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जिसने दोनों राज्यों की पुलिस को भी हैरान कर दिया। पुलिस के मुताबिक, एक युवक ने अपनी 16 वर्षीय नाबालिग प्रेमिका की कथित तौर पर इसलिए हत्या कर दी क्योंकि उसकी शादी किसी दूसरी युवती से तय हो गई थी।

आरोप है कि प्रेमिका उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। हत्या के बाद आरोपी शव को राजस्थान के दौसा जिले ले गया और रेलवे ट्रैक के पास सुनसान इलाके में करीब चार फीट गहरा गड्ढा खोदकर दफना दिया। करीब तीन महीने बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव के अवशेष बरामद कर पूरे मामले का खुलासा किया।

यह भी पढ़ें 👉  सीरिया में जुमे की नमाज़ के दौरान मस्जिद में धमाका, 8 की मौत, 18 घायल

पुलिस के अनुसार आरोपी बहाने से किशोरी को ट्रेन से राजस्थान के दौसा लेकर गया, जहां वह पहले काम कर चुका था। वहां रेलवे ट्रैक के पास स्थित एक खाली प्लॉट में उसकी कथित तौर पर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को सफेद रंग के कट्टे में भरकर गड्ढे में दफना दिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मध्य प्रदेश लौट आया और अपनी तयशुदा शादी कर ली।

मामले की जांच में सामने आया कि किशोरी के पास मोबाइल फोन नहीं था, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो सकी। मार्च में उसके लापता होने पर परिजनों ने स्थानीय थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजनों ने शुरुआत से ही आरोपी युवक पर शक जताया था। इसी आधार पर पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी पहले राजस्थान के दौसा में काम कर चुका था, जिसके बाद पुलिस ने उसी दिशा में जांच आगे बढ़ाई।

यह भी पढ़ें 👉  महंगा हुआ हवाई सफर: Air India ने बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज, 8 अप्रैल से लागू नए किराए

पुख्ता सुराग मिलने पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार कर ली और शव दफनाने की जगह भी बता दी।

इसके बाद मध्य प्रदेश पुलिस स्थानीय पुलिस के सहयोग से दौसा पहुंची और आरोपी की निशानदेही पर रेलवे ट्रैक के पास स्थित खाली प्लॉट में खुदाई कराई। करीब चार फीट गहराई पर सफेद रंग का कट्टा मिला, जिसमें मानव कंकाल बरामद हुआ। पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर डीएनए जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि मृतका की आधिकारिक पहचान की पुष्टि की जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  हाईस्कूल व इंटर बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां पूरी, 21 फरवरी से होंगे एग्जाम

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे मध्य प्रदेश ले जाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और डीएनए रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page