देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने करवट ली है। प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में झमाझम बारिश और बर्फबारी के कारण ठंड बढ़ गई है। उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी है, जबकि निचले इलाकों में रिमझिम बारिश हो रही है।
उत्तरकाशी की हर्षिल घाटी और गंगोत्री-यमुनोत्री धाम में ताजा बर्फबारी ने नजारे को और भी खूबसूरत बना दिया है। मां गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखबा और मां यमुना के शीतकालीन प्रवास खरसाली गांव में बर्फ की सफेद चादर बिछ चुकी है। सुबह चार बजे से शुरू हुई बर्फबारी ने पूरे क्षेत्र को शीतलहर की चपेट में ले लिया है।
बदरीनाथ धाम में छह इंच बर्फ, प्रशासन सतर्क
बर्फबारी के चलते बदरीनाथ धाम में करीब छह इंच ताजा बर्फ जम गई है। ठंड बढ़ने के कारण जिलाधिकारी ने आला अधिकारियों के साथ धाम जाने का कार्यक्रम रद्द कर दिया है। वहीं, चारधाम समेत विभिन्न पर्यटन स्थलों पर मौसम का यह बदला मिजाज पर्यटकों को खासा लुभा रहा है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, 20 फरवरी को प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई थी। हालांकि, 21 फरवरी से प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
प्रदेश में बारिश और बर्फबारी से जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, वहीं यह नजारा सैलानियों और श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।