नाइजीरिया में सबसे बड़ी ‘मास किडनैपिंग’: कैथोलिक स्कूल से 315 लोग अगवा, बढ़ते आतंकी हमलों से दहशत

खबर शेयर करें

नाइजीरिया: नाइजीरिया में आतंक और असुरक्षा की नई भयावह तस्वीर सामने आई है। नाइजर राज्य के एक कैथोलिक स्कूल से 315 लोगों के अगवा होने की पुष्टि हुई है। पहले यह संख्या 227 बताई गई थी, लेकिन क्रिश्चियन एसोसिएशन ऑफ नाइजीरिया (CAN) ने वेरिफिकेशन के बाद आंकड़ा बढ़ाकर 303 छात्र और 12 शिक्षकों सहित 315 कर दिया है। नए आँकड़े में वे 88 छात्र भी शामिल हैं, जिन्हें भागने की कोशिश के दौरान पकड़ लिया गया था।

इस घटना को नाइजीरिया के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी स्कूल किडनैपिंग माना जा रहा है। अगर अंतिम पुष्टि हो जाती है, तो यह संख्या 2014 में चिबोक में बोको हराम द्वारा अगवा की गई 276 छात्राओं को भी पार कर जाएगी, जो उस समय वैश्विक सुर्खियों में रही थी।

हथियारबंद समूहों और चरमपंथी बागियों के बढ़ते हमले
नाइजीरिया इस समय हथियारबंद गिरोहों, आतंकी संगठनों और इस्लामी बागियों की बढ़ती हिंसा से जूझ रहा है। यह किडनैपिंग भी ऐसे समय में हुई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में नाइजीरिया में ईसाइयों के खिलाफ बढ़ते हमलों को लेकर सैन्य हस्तक्षेप की चेतावनी दी थी। इसके बाद से घटनाओं पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निगरानी और सख्त हो गई है।

स्कूल पर सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी का आरोप
नाइजर राज्य सरकार का दावा है कि स्कूल को बोर्डिंग स्कूल बंद करने का निर्देश दिया गया था, क्योंकि हमलों का खतरा बढ़ गया था। सरकार का कहना है कि स्कूल ने इस आदेश को नजरअंदाज किया, जिसके चलते यह बड़ी वारदात हो गई।

यह भी पढ़ें 👉  दुबई एयर शो 2025 के दौरान तेजस इस वजह से हुआ था क्रैश...डिफेंस एक्सपर्ट ने बताई वजह

हालांकि CAN के नाइजर चैप्टर के चेयरमैन रेवरेंड बुलस दाऊवा योहाना ने सरकार के दावे पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि शुक्रवार रात स्कूल का दौरा करने के बाद भी उन्हें ऐसी किसी चेतावनी की जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने कहा, “हम सरकार और सुरक्षा एजेंसियों के संपर्क में हैं ताकि हमारे बच्चों को सुरक्षित वापस लाया जा सके।”

स्कूलों पर हमलों की लगातार तीसरी घटना
नाइजीरिया में बीते सप्ताह यह तीसरी बड़ी अपहरण की घटना है:
सोमवार: केब्बी राज्य के एक बोर्डिंग स्कूल से 25 छात्राएं अगवा
बुधवार: क्वारा राज्य के एक चर्च पर हमला, 38 श्रद्धालु अगवा
शुक्रवार: सेंट मैरी कैथोलिक स्कूल से 315 लोग अगवा

यह भी पढ़ें 👉  दिल्ली में आज से शुरू होगी आयुष्मान भारत योजना, गरीबों को मिलेगा 10 लाख तक का स्वास्थ्य कवरेज

इन लगातार घटनाओं के बाद केंद्र सरकार ने 50 से अधिक फेडरल कॉलेज बंद करने का आदेश दिया है, जबकि कई राज्यों में पब्लिक स्कूल भी सुरक्षा कारणों से बंद हैं।