नैनीताल हाईकोर्ट बार चुनाव: डीसीएस रावत अध्यक्ष निर्वाचित, महासचिव पद पर सौरभ अधिकारी विजयी

खबर शेयर करें

नैनीताल। नैनीताल हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में डीसीएस रावत ने अध्यक्ष पद पर एकतरफा जीत दर्ज की है। रावत को कुल 668 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी डीके जोशी को 249 वोट मिले। इस तरह अध्यक्ष पद पर रावत ने स्पष्ट बहुमत के साथ विजय हासिल की।

महासचिव पद पर हुए कांटे के मुकाबले में सौरभ अधिकारी ने 436 मत पाकर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी अक्षय लटवाल को 419 जबकि भूपेंद्र कोरंगा को 246 वोट प्राप्त हुए। महिला उपाध्यक्ष पद पर मीना बिष्ट ने 723 मत हासिल कर चेतना लटवाल (356 वोट) को भारी अंतर से पराजित किया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर सुशील वशिष्ठ ने 570 वोट पाकर प्रेम कौशल (515 वोट) को शिकस्त दी। कोषाध्यक्ष पद पर शुभ्र रस्तोगी ने 346 वोट प्राप्त कर गुरबानी सिंह (241 वोट) को हराया।

यह भी पढ़ें 👉  स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रोटोकॉल विवाद: विधानसभा अध्यक्ष नाराज़, प्रशासन ने दी सफाई

बार एसोसिएशन के चुनाव में कुल 1689 मतदाताओं में से 1112 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चला। ‘वन वोट, वन बार’ के नियम को कड़ाई से लागू करते हुए मतदान से पूर्व सभी अधिवक्ताओं से शपथपत्र भरवाया गया।

मतदान के दौरान लंच समय में हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी, न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल, न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित एवं न्यायमूर्ति आलोक मेहरा भी मतदान स्थल पर पहुंचे। सभी न्यायाधीश पूर्व में हाईकोर्ट बार के सदस्य रह चुके हैं। न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी पूर्व में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  काशीपुर: पावर लिफ्टर ने पिता की लाइसेंसी बंदूक से की खुदकुशी, परिवार में कोहराम

कनिष्ठ कार्यकारिणी के चार सामान्य सदस्य पदों के लिए हुए चुनाव में विक्रम सिंह धपोला (263), देवेंद्र सिंह ‘छोटू’ (256), पंकज सेमवाल (230) एवं श्वेला हुसैन (227) सर्वाधिक मत पाकर निर्वाचित हुए। वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के पांच पदों पर भुवनेश जोशी, मनोज कुमार शर्मा, निरंजन कुमार भट्ट, शिवांगी गंगवार एवं विश्व प्रकाश बहुगुणा निर्विरोध चुने गए।

इसके अलावा कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर गौरव कांडपाल, उप सचिव (प्रशासन) पद पर विश्वस्त कांडपाल, उप सचिव (प्रेस) पद पर प्रसन्ना कर्नाटक, पुस्तकालयाध्यक्ष पद पर अविदित नौलियाल, वरिष्ठ कार्यकारिणी (महिला) पद पर श्रुति जोशी तथा कनिष्ठ कार्यकारिणी (महिला) पद पर उन्नति पंत निर्विरोध निर्वाचित हुईं।

चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने में मुख्य चुनाव अधिकारी कुर्बान अली, सलाहकार रविन्द्र सिंह बिष्ट, पर्यवेक्षक वरिष्ठ अधिवक्ता एमसी कांडपाल, डॉ. महेंद्र पाल सहित चुनाव अधिकारियों व कर्मचारियों की टीम सक्रिय रही। मतदान में उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चमोली, रुद्रप्रयाग समेत प्रदेश के सभी जिलों से अधिवक्ताओं ने भागीदारी की।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: पहाड़ी दरकने से कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग बाधित, सैकड़ों यात्री फंसे

किसको कितने वोट मिले:

  • अध्यक्ष: डीसीएस रावत 668, डीके जोशी 249, मनीषा भंडारी 124, अंजली भार्गव 53
  • महासचिव: सौरभ अधिकारी 436, अक्षय लटवाल 419, भूपेंद्र कोरंगा 246
  • वरिष्ठ उपाध्यक्ष: सुशील वशिष्ठ 570, प्रेम कौशल 515
  • महिला उपाध्यक्ष: मीना बिष्ट 723, चेतना लटवाल 356
  • कोषाध्यक्ष: शुभ्र रस्तोगी 346, गुरबानी सिंह 241
  • कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य: विक्रम सिंह धपोला 263, देवेंद्र सिंह छोटू 256, पंकज सेमवाल 230, श्वेला हुसैन 227, गौरव पंवार 223, रचित तिवारी 210, सिद्धार्थ सिंह नेगी 209, नीलम गोदियाल 152