हल्द्वानी। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के दूरस्थ शिक्षा ब्यूरो (UGC-DEB) द्वारा प्राप्त नवीन दिशानिर्देशों के क्रम में उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय ने शीतकालीन सत्र (जनवरी 2026) के ऑनलाइन प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 मार्च 2026 कर दी है।
इस संबंध में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी जी ने कहा कि “UGC-DEB के नवीन दिशानिर्देशों के अनुरूप विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों को ध्यान में रखते हुए प्रवेश की अंतिम तिथि 15 मार्च 2026 तक विस्तारित की गई है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि अधिक से अधिक शिक्षार्थी उच्च शिक्षा से जुड़ सकें और किसी भी विद्यार्थी का शैक्षणिक वर्ष व्यर्थ न जाए।”
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी अध्ययन केंद्रों को निर्देशित किया है कि वे अपने अधीन अध्ययनरत शिक्षार्थियों को अगले सेमेस्टर/वर्ष में प्रवेश लेने हेतु समय पर सूचित करें तथा उन्हें ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करें।
अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना शीघ्र ही ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करें।
