हल्द्वानी। मुक्तेश्वर क्षेत्र के अधोड़ा गांव की रहने वाली 51 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में कीटनाशक सेवन से मौत हो गई। महिला को गंभीर हालत में हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार रात उसकी मृत्यु हो गई। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार अधोड़ा निवासी कुंदन सिंह अपनी पत्नी देवकी देवी के साथ घर में रहते थे। कुंदन सिंह पथरी की बीमारी से पीड़ित हैं। दंपती के पांच बच्चे हैं, जिनमें दो बड़ी बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि तीन बेटे परिवार के साथ घर से बाहर रहते हैं।
पुलिस के मुताबिक 18 दिसंबर की दोपहर करीब एक बजे देवकी देवी ने कथित तौर पर कीटनाशक पदार्थ का सेवन कर लिया। इससे पहले वह अपने पति के साथ भोजन कर चुकी थीं और उनके लिए चाय भी बनाई थी। कुछ ही समय बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
हालत गंभीर होने पर परिजनों ने आसपास के लोगों और बच्चों को सूचना दी और आनन-फानन में महिला को हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने तुरंत इलाज शुरू किया, लेकिन रात करीब नौ बजे देवकी देवी ने दम तोड़ दिया।
हल्द्वानी कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि महिला द्वारा कीटनाशक सेवन के कारणों की जांच मुक्तेश्वर पुलिस कर रही है। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच किसी प्रकार के विवाद की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
