वॉशिंगटन। दुनिया भर में नए साल 2026 के स्वागत की तैयारियों के बीच उत्साह के साथ-साथ डर का माहौल भी देखने को मिल रहा है। आतंकी खतरों, हालिया हिंसक घटनाओं और भारी भीड़ से जुड़ी आशंकाओं को देखते हुए दुनिया के कई प्रमुख शहरों में न्यू ईयर ईव पर होने वाले बड़े कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है, जबकि कई स्थानों पर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं।
अमेरिका में सुरक्षा एजेंसियों ने समय रहते एक बड़े आतंकी हमले की साजिश नाकाम कर दी। संघीय अधिकारियों के मुताबिक, एफबीआई ने लॉस एंजिल्स में न्यू ईयर के दौरान बम धमाके की योजना बना रहे चार संदिग्धों को मोजावे रेगिस्तान में हमले की रिहर्सल करते हुए गिरफ्तार किया। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी लॉस एंजिल्स के कई इलाकों में एकसाथ आईईडी धमाके करने की फिराक में थे। हालांकि शहर में कार्यक्रम रद्द नहीं किए गए हैं, लेकिन सुरक्षा घेरा बेहद सख्त कर दिया गया है।
न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में होने वाले पारंपरिक ‘बॉल ड्रॉप’ कार्यक्रम को लेकर भी हाई अलर्ट जारी किया गया है। करीब 10 लाख लोगों के जुटने की संभावना के मद्देनजर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां चौबीसों घंटे निगरानी कर रही हैं।
यूरोप में भी एहतियात बरती जा रही है। फ्रांस की राजधानी पेरिस में पुलिस के अनुरोध पर चैंप्स-एलिसीज पर प्रस्तावित भव्य संगीत कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। प्रशासन को आशंका थी कि भारी भीड़ के कारण भगदड़ या सुरक्षा में चूक हो सकती है। हालांकि, नए साल का स्वागत आतिशबाजी के साथ होगा, लेकिन लाइव परफॉर्मेंस की जगह रिकॉर्डेड संगीत बजाया जाएगा।
एशिया में जापान की राजधानी टोक्यो के शिबुया इलाके में होने वाला काउंटडाउन कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया है। शिबुया के मेयर केन हासेबे ने साफ किया है कि प्रशासन की प्राथमिकता किसी भी तरह की अव्यवस्था और संभावित हमलों को रोकना है।
ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में बॉन्डी बीच पर इस महीने हुए आतंकी हमले के बाद न्यू ईयर के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। वेवरली काउंसिल ने इसे सुरक्षा और यहूदी समुदाय के साथ एकजुटता का प्रतीक बताया है। वहीं, सर्बिया की राजधानी बेलग्रेड ने भी मौजूदा हालात को देखते हुए इस साल कोई आधिकारिक न्यू ईयर समारोह न करने का फैसला लिया है।
दुनिया भर के प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने नागरिकों और पर्यटकों से सतर्क रहने, भीड़भाड़ वाले इलाकों में सावधानी बरतने और सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की है।
