नैनीताल। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से 17 मार्च को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला पतलोट में आयोजित होगा, जिसमें करीब 500 रिक्त पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
रोजगार मेला डाक बंगला, लोनिवि परिसर पतलोट में सुबह 11 बजे से शुरू होगा। मेले में Quess Corp Limited पंतनगर-रुद्रपुर के एचआर प्रतिनिधि प्रतिभाग करेंगे और योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगे।
कंपनी की ओर से एनएपीएस ट्रेनी (NAPS Trainee) पदों के लिए भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने 12वीं, आईटीआई या स्नातक की योग्यता प्राप्त की हो।
अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा या साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को 12,200 रुपये से 14,401 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा, जबकि कार्यस्थल पंतनगर होगा।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने शैक्षिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति, बायोडाटा तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ निर्धारित तिथि और स्थान पर उपस्थित होना होगा।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी 05942-236087, 9927347474, 9410499684 नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
