बोगोटा: दक्षिण अमेरिकी देश Colombia में सोमवार को एक दर्दनाक सैन्य विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। सैनिकों को लेकर उड़ान भरने वाला हरक्यूलिस C-130 विमान टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 60 से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विमान में कुल 120 से ज्यादा लोग सवार थे, जिनमें बड़ी संख्या में सैनिक शामिल थे। Colombian Air Force ने बताया कि हादसे का शिकार हुआ विमान Lockheed C-130 Hercules था, जिसमें लगभग 110 सैनिक और 11 क्रू सदस्य सवार थे।
टेकऑफ के तुरंत बाद हुआ हादसा
विमान ने पुटुमायो प्रांत के Puerto Leguizamo से उड़ान भरी थी, लेकिन कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी के चलते यह एयरपोर्ट से करीब दो किलोमीटर दूर क्रैश हो गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि विमान में मौजूद गोला-बारूद और विस्फोटक भी फट गए, जिससे आग और तबाही और बढ़ गई।
मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका
सेना ने अब तक करीब 66 जवानों की मौत की पुष्टि की है। वहीं कई सैनिक अब भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है, लेकिन विस्फोट और आग के कारण ऑपरेशन में काफी दिक्कतें आ रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, कम से कम 70 से ज्यादा लोगों को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया है।
पुराना विमान, तकनीकी खामी की आशंका
यह विमान अमेरिकी कंपनी Lockheed Martin द्वारा निर्मित था, जिसे 1950 के दशक में डिजाइन किया गया था और कोलंबिया ने इसे 1960 के दशक के अंत में खरीदा था। शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच अभी जारी है।
राजनीतिक बहस भी तेज
हादसे के बाद देश में राजनीतिक बहस भी शुरू हो गई है। सरकार के आलोचकों ने आरोप लगाया है कि बजट में कटौती के कारण सैन्य विमानों की उड़ान कम हो रही है, जिससे पायलटों और क्रू का अनुभव प्रभावित हो रहा है।
फिलहाल, प्रशासन ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं और मृतकों के आंकड़े में और बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है।
