उत्तराखंड: जून की फुहारों ने दी गर्मी से राहत, पर्वतीय और मैदानी इलाकों में तापमान गिरा

खबर शेयर करें

देहरादून। जून की शुरुआत में बदले मौसम ने प्रदेशवासियों को गर्मी से बड़ी राहत दी है। बुधवार को हुई बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण प्रदेश के कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पर्वतीय क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी मौसम सुहावना बना हुआ है।

गुरुवार को राजधानी देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 33.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री नीचे 18.8 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह जहां हल्की धूप ने तपिश बढ़ाई, वहीं शाम को आई ठंडी हवाओं और हल्की बूंदाबांदी ने मौसम को और भी खुशनुमा बना दिया।

यह भी पढ़ें 👉  हरिद्वार नगर निगम जमीन घोटाला: मुख्यमंत्री धामी के सख्त रुख के बाद सात और अधिकारी निलंबित, अब तक 10 पर गिरी गाज

मौसम विभाग के अनुसार जलवायु परिवर्तन और प्री-मानसून गतिविधियों के चलते तापमान में यह गिरावट आ रही है। शुक्रवार को दून में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में टैक्सी संचालन के लिए सत्यापन अभियान शुरू, दो चरणों में होगा वाहन सत्यापन

वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार से प्रदेशभर में मौसम साफ रहेगा। मैदानी इलाकों में चटक धूप के कारण एक बार फिर गर्मी तीखे तेवर दिखा सकती है। हालांकि, आज शुक्रवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। शेष जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: अब बिना 75% उपस्थिति नहीं मिलेगी परीक्षा में बैठने की अनुमति, शासन ने जारी किए नए निर्देश

मौसम विभाग ने बताया कि आगामी सात से 10 जून तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा, जबकि 11 जून को एक बार फिर मौसम में बदलाव की संभावना है।