Uttarakhand: तंत्र-मंत्र के नाम पर महिला कर्मचारी से दिनदहाड़े ठगी, सोने के जेवर व नकदी लेकर फरार हुए शातिर

खबर शेयर करें

देहरादून। ड्यूटी जा रही वन विभाग की एक महिला कर्मचारी को तीन शातिर ठगों ने तंत्र-मंत्र का झांसा देकर अपने जाल में फंसा लिया। पटेलनगर थाना क्षेत्र के चंद्रबनी चौक के पास आरोपियों ने दिनदहाड़े इस वारदात को अंजाम देते हुए महिला से सोने के जेवर और नकदी ठग ली। पीड़िता की तहरीर पर पटेलनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Dehradun Fraud Case: Woman Forest Department Employee Trapped by Fake Tantrik Gang: घटना बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। कारबारी ग्रांट निवासी पूनम पंवार घर से ट्रांजिट हॉस्टल चंद्रमणी ड्यूटी के लिए निकली थीं। चंद्रबनी चौक के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें बातचीत में उलझा लिया। इसी दौरान दूसरा व्यक्ति पहुंचा और उनसे निजी जानकारी पूछने लगा। तभी तीसरा व्यक्ति वहां आया और खुद को तंत्र-मंत्र में निपुण बताते हुए चमत्कार दिखाने लगा। उसने जमीन से मिट्टी और कागज उठाकर उस पर थूकते ही आग जला दी, जिसे महिला ने चमत्कार समझ लिया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: मुखबा में पीएम मोदी ने की मां गंगा की विशेष पूजा, हर्षिल में सुरक्षा कड़ी...Video

आरोप है कि ठगों ने महिला को परिवार पर संकट और अनहोनी का डर दिखाया। कहा गया कि बात न मानने पर घर में आग लग सकती है और जान का खतरा हो सकता है। इसके बाद महिला को एक पेड़ के नीचे ले जाकर पूरी तरह सम्मोहित कर दिया गया। डर और मानसिक दबाव में आकर महिला ने अपने पर्स में रखे 1100 रुपये नकद, कान के सोने के टॉप्स, एक जोड़ी बाली और गले की सोने की चेन ठगों को सौंप दी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: बिजली दरों में 29% बढ़ोतरी से उद्योगपति नाराज, पलायन की चेतावनी

ठगों ने महिला को एक पत्ता हाथ में देकर कहा कि इसे चौक पर फेंक आओ, तब तक वे वहीं मौजूद रहेंगे। जैसे ही महिला वापस लौटी, तीनों आरोपी जेवर और नकदी लेकर फरार हो चुके थे। इंस्पेक्टर पटेलनगर सीबीएस अधिकारी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से आरोपियों का हुलिया मिल गया है। पुलिस टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।