हल्द्वानी/रुद्रपुर। टांडा के जंगल में देर रात हाथियों के झुंड ने जीजा-साले को रौंद डाला। दर्दनाक घटना में दोनों की मौत हो गई। मृतक मूल रूप से यूपी के शाहजहांपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। जीजा जाफिर रुद्रपुर में रह रहा था, जबकि साला शकील हल्द्वानी में निवास करता था।
जानकारी के अनुसार दोनों फेरी लगाकर देर रात अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बिजली से चलने वाली स्कूटी टांडा जंगल क्षेत्र में हाथियों के झुंड से टकरा गई। टक्कर लगते ही स्कूटी गिर गई और हाथी आक्रामक हो गए। बताया जा रहा है कि झुंड में बच्चे भी शामिल थे, जिससे हाथी और अधिक उग्र हो गए और दोनों पर हमला कर दिया।
घटना के बाद दोनों जंगल में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले। जाफिर की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि शकील को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार हाथियों के हमले में जाफिर की पसलियां टूट गई थीं। वहीं शकील के दोनों कानों से खून बह रहा था और उसके सीने पर हाथी के पैर के दबाव के निशान थे। उसका बायां चेहरा बुरी तरह सूज गया था और बाईं आंख को भी गंभीर क्षति पहुंची थी।
घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे खतरा बना हुआ है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने और जंगल से सटे क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
