अल्मोड़ा। भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत सतर्कता अधिष्ठान की टीम को बड़ी सफलता मिली है। हल्द्वानी सेक्टर की टीम ने जाल बिछाकर वन विभाग के एक फारेस्टर को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद विभागीय महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी नवीन नौटियाल वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय जागेश्वर में बाबू/फारेस्टर के पद पर तैनात था। उस पर आरोप है कि उसने लीसा गडान-ढुलान कार्य के पंजीकरण नवीनीकरण और लंबित बिलों के भुगतान के बदले 25 हजार 500 रुपये की रिश्वत मांगी थी।
इस मामले में शिकायतकर्ता जय प्रकाश ने सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद सतर्कता टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया और आरोपी को रिश्वत की रकम लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि इस मामले में वन विभाग के अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल हो सकते हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई को सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार पर सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। सतर्कता अधिष्ठान ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत दें, ताकि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
वहीं, प्रदीप धौलाखड़ी (डीएफओ सिविल सोयम) ने बताया कि वह फिलहाल जिले से बाहर हैं। मामला संज्ञान में आया है और जांच के बाद विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
