9 लाख से अधिक के जेवरात व नगदी बरामद, कई राज्यों में दर्ज हैं मामले
हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक अन्तर्राज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 9 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण व नगदी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन व क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में मुखानी थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की।
जांच के दौरान घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें दोनों घटनाओं में एक ही संदिग्ध व्यक्ति की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम ने सर्विलांस व मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर लगातार दबिश दी।
बीते 3 अप्रैल को पुलिस ने गुसाईपुर तिराहे के पास से आरोपी मुंशी राम उर्फ सोनू (41 वर्ष), निवासी बेहट, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किए गए आभूषण व नगदी बरामद हुई।
पहले मामले में आरोपी ने जनवरी माह के दौरान सत्यानंद कॉलोनी स्थित एक घर से नगदी व चांदी के जेवरात चोरी किए थे, जबकि दूसरे मामले में नवंबर 2025 में हिम्मतपुर मल्ला क्षेत्र में एक मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण व नगदी पार कर दी थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ देहरादून व हरियाणा में भी चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं और उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
इस सफल कार्रवाई पर एसएसपी ने पुलिस टीम को 1500 रुपये नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सुशील जोशी, उपनिरीक्षक वीरेंद्र चंद, उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह, एसओजी व सर्विलांस टीम के जवान शामिल रहे।
