न्यूयॉर्क। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अवैध रूप से देश में रह रहे प्रवासियों को व्यावसायिक ड्राइवर लाइसेंस जारी किए जाने के खिलाफ सख्त संघीय कानून बनाने की मांग की है। कांग्रेस को संबोधित करते हुए उन्होंने ‘डेलिला लॉ’ नाम से एक विधेयक पारित करने का आह्वान किया, जो किसी भी राज्य को अवैध अप्रवासियों को कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने से रोकेगा।
अपने स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन के दौरान ट्रंप ने एक दुर्घटना का उल्लेख किया, जिसमें एक बच्ची डेलिला कोलमैन गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उन्होंने बताया कि जिस चालक पर दुर्घटना का आरोप है, वह एक अवैध अप्रवासी था, जिसे उनके पूर्ववर्ती जो बाइडेन के कार्यकाल में देश में प्रवेश मिला और बाद में कैलिफोर्निया में व्यावसायिक लाइसेंस जारी किया गया। हालांकि, ट्रंप ने अपने संबोधन में चालक का नाम या उसके मूल देश का जिक्र नहीं किया।
सार्वजनिक दीर्घा में मौजूद डेलिला को संबोधन के दौरान विशेष रूप से उल्लेखित किया गया। ट्रंप ने उसे “प्रेरणा” बताते हुए कहा कि डॉक्टरों ने शुरुआत में आशंका जताई थी कि वह कभी चल या बोल नहीं पाएगी, लेकिन अब वह पहली कक्षा में है और धीरे-धीरे चलना सीख रही है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, दुर्घटना जून 2024 में कैलिफोर्निया में हुई थी। अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग ने प्रताप सिंह नामक व्यक्ति की पहचान 18 पहियों वाले ट्रक के चालक के रूप में की थी। आरोप है कि वह निर्माणाधीन क्षेत्र में तेज गति से वाहन चला रहा था और ट्रक को समय पर रोक नहीं पाया, जिससे कई वाहनों की टक्कर हो गई और कई लोग घायल हो गए।
ट्रंप ने अवैध अप्रवासन के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि कई अवैध अप्रवासी अंग्रेजी भाषा नहीं जानते और बुनियादी सड़क संकेतों को पढ़ने में भी असमर्थ होते हैं। उन्होंने कांग्रेस से आग्रह किया कि सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं।
इस प्रस्तावित कानून को लेकर अमेरिकी राजनीति में नई बहस छिड़ने के संकेत हैं, क्योंकि यह मुद्दा आगामी चुनावी परिदृश्य में भी अहम भूमिका निभा सकता है।
