हल्द्वानी: SSP के फोन पर देर रात आई सूचना से खुली चोरी की गुत्थी, फरार ठग चोरगलिया से गिरफ्तार

खबर शेयर करें

हल्द्वानी/नैनीताल। जनपद नैनीताल में पुलिस और आमजन के मजबूत तालमेल का एक और शानदार उदाहरण सामने आया है। देर रात्रि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के मोबाइल पर आई एक महत्वपूर्ण सूचना ने प्रोफेशनल पुलिसिंग का बेहतरीन नमूना पेश करते हुए एक पुराने चोरी के मामले का खुलासा करा दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एसएसपी नैनीताल को देर रात सूचना मिली कि एक व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, जिसके चोरी में संलिप्त होने का अंदेशा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल पूरे पुलिस सिस्टम को अलर्ट मोड में डाल दिया। सभी थानों को सतर्क किया गया और त्वरित घेराबंदी करते हुए थाना चोरगलिया पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को धर दबोचा।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: फरार ‘गर्ग बिल्डर’ का बड़ा फर्जीवाड़ा!...एक ही फ्लैट कई लोगों को बेचकर निवेशकों–बैंकों के करोड़ों लेकर गायब

सघन पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार व्यक्ति भवाली थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के मामले का फरार अभियुक्त है। अभियुक्त की पहचान कैलाश चन्द्र तिवारी पुत्र गणेश चन्द्र तिवारी, निवासी ग्राम सीलगवाड़ी, पोस्ट लखनी, थाना कौसानी, जिला बागेश्वर के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार 10 जून 2023 को अभियुक्त भवाली के रामगढ़ तिराहा स्थित एक होटल में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। इस दौरान उसने होटल से लगभग 1.20 लाख रुपये नकद, होटल खातों के चेक अपने खाते में आहरित किए और होटल कर्मचारी हिमांशु जोशी की स्कूटी संख्या UK04 AE 6106 लेकर फरार हो गया था। होटल स्वामी नीरज कुमार निवासी नोएडा की तहरीर पर थाना भवाली में धारा 406 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से अभियुक्त फरार चल रहा था।

यह भी पढ़ें 👉  कैबिनेट बैठक आज: योग नीति से लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं तक बड़े फैसले संभव

लगातार सुरागरसी और पतारसी के बाद पुलिस ने आज 13 दिसंबर को अभियुक्त को चोरी की स्कूटी सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह अलग-अलग स्थानों पर होटल में काम करता है, वहां ठगी करता है और फिर फरार हो जाता है। वर्तमान में वह चोरगलिया स्थित एक होटल में कार्यरत था। पुलिस को रानीखेत, द्वाराहाट समेत अन्य क्षेत्रों में भी उसके द्वारा ठगी किए जाने की जानकारी मिली है। मामले में धारा 411 आईपीसी की बढ़ोतरी करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल जिला पंचायत चुनाव: एक वोट से अध्यक्ष बनीं दीपा दरम्वाल, टॉस से उपाध्यक्ष बनीं देवकी बिष्ट

गिरफ्तारी टीम:

  1. प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह मेहरा, कोतवाली भवाली
  2. वरिष्ठ उप निरीक्षक आसिफ खान, कोतवाली भवाली
  3. अपर उप निरीक्षक लेखराज कम्बोज, कोतवाली भवाली
  4. कांस्टेबल महेश गिरी, कोतवाली भवाली
  5. कांस्टेबल मलखान सिंह, थाना चोरगलिया

SSP नैनीताल का सख्त संदेश:
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट कहा कि जनपद में अपराध कर छिपने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। नैनीताल पुलिस अपराधियों के खिलाफ सतत, सख्त और प्रभावी कार्रवाई करती रहेगी।