Uttarakhand: गुलदार का आतंक…घास लेने गई 22 वर्षीय युवती पर झपटा गुलदार, दराती लेकर भिड़ी

खबर शेयर करें

अल्मोड़ा। सल्ट के डभरा सौराल के घोड़ीधार क्षेत्र में बाघ के आतंक के बीच अब स्याल्दे ब्लॉक क्षेत्र में गुलदार की दहशत ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार देर शाम मवेशियों के लिए घर से कुछ दूर घास लेने गई 22 वर्षीय युवती पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। गुलदार के झपटते ही युवती घायल हो गई, लेकिन उसने घबराने के बजाय हिम्मत दिखाई और दराती के सहारे गुलदार का सामना करती रही।

घटना के बाद घायल युवती को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देघाट में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत को लेकर चिकित्सकों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है।

अचानक झपटा गुलदार, दराती लेकर डटी रही युवती

जानकारी के अनुसार बबलिया ग्राम पंचायत के मयाल तोक निवासी हर सिंह कत्यूरा की 22 वर्षीय पुत्री सुनीता गुरुवार देर शाम मवेशियों के लिए घास लेने घर से कुछ दूरी पर गई थी। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक उस पर झपट्टा मार दिया।

यह भी पढ़ें 👉  नेपाल के तराई में बढ़ा सांप्रदायिक तनाव...सुनसरी से चार जिलों तक फैली हिंसा, कई जगह कर्फ्यू, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने की शांति की अपील

अचानक हुए हमले से सुनीता जरूर सहम गई, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। गुलदार के हमले के बीच उसने शोर मचाकर परिजनों और ग्रामीणों को मदद के लिए पुकारा। साथ ही हाथ में मौजूद दराती के सहारे गुलदार का सामना करती रही।

युवती की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों के पहुंचने और हल्ला मचाने पर गुलदार युवती को घायल छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। इस दौरान हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: अपराधियों पर प्रशासन का शिकंजा...कई के शस्त्र लाइसेंस निरस्त, एक आरोपी जिला बदर

वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, इलाके में गश्त बढ़ाई

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। सामाजिक कार्यकर्ता सुमित सिंह मनराल के अनुसार वन अनुभाग अधिकारी चंद्रशेखर त्रिपाठी, बीट अधिकारी पंकज सिंह बिष्ट, किशोर कुमार आर्या और बलवीर सिंह समेत वनकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे।

वन विभाग की टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं, जबकि उसे पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया गया है। वन कर्मियों के दल ने गांव और आसपास के इलाकों में गश्त भी बढ़ा दी है।

यह भी पढ़ें 👉  Weather Update: उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि, यलो अलर्ट जारी

बाघ के बाद गुलदार की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत

सल्ट क्षेत्र के डभरा सौराल के घोड़ीधार में बाघ की सक्रियता के बीच अब स्याल्दे ब्लॉक में गुलदार के हमले की घटना ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल और आसपास के इलाकों में वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ने से लोगों में भय का माहौल है।

गुलदार के हमले में घायल सुनीता का उपचार सीएचसी देघाट में जारी है। वहीं वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले जंगल अथवा घास के लिए दूर जाने से बचने की सलाह दी है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page