नई दिल्ली/कीव। रूस ने एक बार फिर यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। राजधानी कीव सहित कई प्रमुख शहरों को क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइलों के साथ ड्रोन से निशाना बनाया गया। हमलों में दक्षिणी शहर ओडेसा के बंदरगाह, ऊर्जा संयंत्रों और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को गंभीर नुकसान पहुंचने की खबर है।
यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, पश्चिमी शहर लवीव में एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई, जबकि कम से कम 24 लोग घायल हुए हैं। राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने बताया कि कीव के अलावा निप्रो, किरोवोड, मिकोलेव, पोल्टावा, लवीव और सुमी क्षेत्रों को भी निशाना बनाया गया। हमलों से कई आवासीय इमारतें और रेलवे संपत्तियां क्षतिग्रस्त हुई हैं।
‘बातचीत नहीं, हमलों पर जोर’
ज़ेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूस युद्ध को कूटनीतिक बातचीत के बजाय सैन्य हमलों के जरिए आगे बढ़ा रहा है। उनके अनुसार, इसी सप्ताह रूस ने यूक्रेन पर 1,300 ड्रोन, 1,400 गाइडेड बम और 96 मिसाइलें दागी हैं। ताजा हमले में 33 मिसाइलें और 274 ड्रोन इस्तेमाल किए गए।
चार वर्षों से जारी संघर्ष
गौरतलब है कि रूस और यूक्रेन के बीच पिछले चार वर्षों से संघर्ष जारी है। युद्ध को समाप्त कराने के लिए अमेरिका समेत कई देश मध्यस्थता की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जमीनी कब्जों और सुरक्षा गारंटी के मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन पा रही है।
इससे पहले यूक्रेन ने भी रूस की सीमा के भीतर लगभग 1,400 किलोमीटर अंदर तक ड्रोन हमला किया था, जिसमें एक रूसी मिसाइल फैक्ट्री को नुकसान पहुंचने और 11 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई थी।
