भीमताल। विकास भवन सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले में संचालित विकास कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पूर्व सभी विभाग आवंटित धनराशि का शत-प्रतिशत व्यय सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नैनीताल जनपद प्रदेश में अव्वल रहे, इसके लिए 10 मार्च से पूर्व अवशेष धनराशि हर हाल में खर्च की जाए। साथ ही बीस सूत्रीय कार्यक्रम के सभी मदों में ‘ए’ श्रेणी बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए। इस वर्ष विभागों द्वारा क्रय की गई सामग्री की शत-प्रतिशत आपूर्ति और उसका भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
जिला योजना 2026-27 की तैयारी अभी से शुरू करने के निर्देश
बैठक में डीएम ने आगामी जिला योजना 2026-27 के लिए विभागों को प्राथमिकता तय कर योजनाओं का चयन एवं संरचना तैयार करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
सड़कों पर तेजी से शुरू हो हॉटमिक्स और डामरीकरण
मौसम अनुकूल होते ही सभी मोटर मार्गों पर हॉटमिक्स व डामरीकरण कार्य शीघ्र शुरू कर समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जहां-जहां क्रैश बैरियर क्षतिग्रस्त हैं, उन्हें तत्काल बदलने को कहा गया। सभी सड़क निर्माण एजेंसियों को नियमित निगरानी कर सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने को कहा गया।
स्वच्छता अभियान और झीलों की नियमित सफाई पर जोर
जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायतों में नियमित सफाई अभियान चलाने और कूड़ा उठान व निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निकायों को भी सतत स्वच्छता अभियान जारी रखने को कहा गया। जिले की सभी झीलों में जाल आदि माध्यम से नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
वन चौकी शिफ्टिंग और दुग्ध विकास पर विशेष फोकस
सैनिटोरियम के पास स्थित वन चौकी को कैंची भवाली बाईपास मार्ग पर नव निर्मित चौकी में स्थानांतरित करने के निर्देश वन विभाग व लोक निर्माण विभाग को दिए गए। दुग्ध विकास विभाग को प्राथमिक दुग्ध समितियों के सदस्यों को अच्छी नस्ल की दुधारू गाय यूनिट शीघ्र उपलब्ध कराने और प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजना का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
डी श्रेणी वाले विभागों को चेतावनी
बीस सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा में डीएम ने कहा कि मांग आधारित लक्ष्यों को हर हाल में शत-प्रतिशत पूरा किया जाए। बाल विकास एवं पेयजल विभाग, जो वर्तमान में ‘डी’ श्रेणी में हैं, उन्हें लक्ष्य पूर्ति कर ‘ए’ श्रेणी में लाने के निर्देश दिए गए।
निर्माण कार्य पूर्ण होने पर थर्ड पार्टी सत्यापन कराते हुए अवशेष धनराशि की मांग शीघ्र करने को कहा गया, ताकि 10 मार्च से पूर्व संपूर्ण बजट व्यय किया जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. मुकेश सिंह नेगी सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
