दिल्ली के पालम में भीषण अग्निकांड: तीन बच्चों समेत नौ की मौत, 30 दमकल गाड़ियों ने घंटों में पाया काबू

खबर शेयर करें

नई दिल्ली। राजधानी के दक्षिण-पश्चिमी जिले के पालम इलाके में बुधवार सुबह एक बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। इस दर्दनाक घटना में तीन बच्चों समेत एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य झुलसकर घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार पालम के साध नगर स्थित राम चौक बाजार में सुबह करीब 6:40 बजे आग लगी। बताया जा रहा है कि इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एक कॉस्मेटिक दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़की, जिसने देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: सरकारी दफ्तरों में सुरक्षा को लेकर सख्त रुख, CM धामी ने एसओपी बनाने के दिए निर्देश

इमारत में कपड़ों और कॉस्मेटिक्स की दुकानों के साथ ऊपरी मंजिलों पर रिहायशी फ्लैट भी थे। आग के साथ फैले घने धुएं के कारण अंदर सो रहे लोग बाहर नहीं निकल सके और दम घुटने से हालात भयावह हो गए। जान बचाने के लिए कुछ लोगों ने इमारत से छलांग लगाई, जबकि दो छोटे बच्चों को सुरक्षित बचाने के लिए परिजनों ने उन्हें पहली मंजिल से नीचे फेंक दिया, जिन्हें नीचे मौजूद लोगों ने पकड़ लिया।

सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा की 30 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दमकल कर्मियों ने सात घायलों, जिनमें तीन बच्चे शामिल हैं, को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। वहीं, इमारत से कूदने वाले दो अन्य लोगों का भी उपचार जारी है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: अब आयुष्मान योजना का लाभ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी, गांवों में ही मिलेगा मुफ्त इलाज

प्रत्यक्षदर्शियों ने दमकल विभाग की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि फायर ब्रिगेड को मौके पर पहुंचने में 40 से 45 मिनट की देरी हुई, जिससे नुकसान बढ़ गया। हालांकि अधिकारियों ने इस पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।

घटना पर दुख जताते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, दिल्ली अग्निशमन सेवा और पुलिस राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: गढ़वाल विवि की पीएचडी प्रवेश परीक्षा की तिथि में बदलाव, अब 24 मई को होगी परीक्षा

वहीं, दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने भी हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि बचाव कार्यों की निगरानी की जा रही है और पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच जारी है, हालांकि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।