Job Update: उत्तराखंड में लगेंगे चार बड़े रोजगार मेले, 10 हजार युवाओं को नौकरी का लक्ष्य

खबर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर सामने आने वाले हैं। तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से प्रदेश में अगले चार महीने के भीतर चार बड़े रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। इनमें देश की विभिन्न बहुराष्ट्रीय कंपनियां हिस्सा लेंगी और करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। दो रोजगार मेले गढ़वाल और दो कुमाऊं मंडल में आयोजित किए जाएंगे।

तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने यह जानकारी विभागीय बैठक के दौरान दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रमुख लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में रोजगार मेलों के जरिए निजी क्षेत्र की कंपनियों और स्थानीय युवाओं को एक मंच पर लाने की तैयारी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि गढ़वाल मंडल में श्रीनगर और देहरादून, जबकि कुमाऊं मंडल में काशीपुर और अल्मोड़ा में रोजगार मेलों का आयोजन होगा। इन मेलों में विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रही बहुराष्ट्रीय और बड़ी निजी कंपनियों को आमंत्रित किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  लाल किले से पीएम मोदी का संकल्प संदेश: ऑपरेशन सिंदूर के वीरों को सलाम, सिंधु समझौते पर पुनर्विचार का ऐलान

अंतिम वर्ष के छात्रों को भी मिलेगा मौका

रोजगार मेलों में केवल डिप्लोमा या डिग्री पूरी कर चुके युवाओं को ही अवसर नहीं मिलेगा, बल्कि तकनीकी संस्थानों में अध्ययनरत अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राएं भी इसमें भाग ले सकेंगे। पॉलीटेक्निक, आईटीआई और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों के पासआउट तथा अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को कंपनियों में रोजगार के लिए आवेदन करने का अवसर मिलेगा।

विद्यालयी शिक्षा के तहत व्यावसायिक पाठ्यक्रम पूरा कर चुके छात्र-छात्राओं को भी रोजगार मेलों के लिए पात्र माना जाएगा। इसके अलावा उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की तलाश कर रहे बेरोजगार युवाओं को भी निजी कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की योजना है।

बैठक में तकनीकी शिक्षा मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर मुफ्त ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार मेलों से जोड़ना और उन्हें घर बैठे आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराना है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: नैनीताल समेत सात जिलों में तेज बारिश और हवाओं की संभावना, मौसम विभाग का येलो अलर्ट

कई विभाग मिलकर करेंगे आयोजन

रोजगार मेलों के आयोजन में केवल तकनीकी शिक्षा विभाग ही नहीं, बल्कि विद्यालयी शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, सेवायोजन विभाग और कौशल विकास विभाग भी भागीदारी करेंगे। विभागों के बीच समन्वय कर युवाओं तक रोजगार मेलों की जानकारी पहुंचाने और योग्य अभ्यर्थियों का पंजीकरण कराने की व्यवस्था की जाएगी।

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित रखना नहीं, बल्कि निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों से भी जोड़ना है। बड़ी कंपनियों को प्रदेश में बुलाकर स्थानीय युवाओं को उनके कौशल और योग्यता के अनुरूप रोजगार दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अब तक विभिन्न माध्यमों से 42 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है। इनमें स्थायी, संविदा और आउटसोर्स कार्मिक शामिल हैं। सरकार अब निजी क्षेत्र में भी बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने पर जोर दे रही है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: स्टिंग मामले में फिर सक्रिय हुई सीबीआई, मंत्री सुबोध उनियाल समेत कई नेताओं को नोटिस

विभाग में बनेगा मीडिया सेल

बैठक में तकनीकी शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने को लेकर भी निर्णय लिया गया। तकनीकी शिक्षा मंत्री ने विभागीय मुख्यालय में मीडिया सेल गठित करने के निर्देश दिए।

मीडिया सेल का मुख्य काम विभाग की वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को नियमित रूप से अपडेट करना होगा। इसके माध्यम से सरकार की योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों, रोजगार कार्यक्रमों और विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जाएगी।

मीडिया सेल में आईटी और तकनीकी रूप से दक्ष तीन कार्मिकों को शामिल किया जाएगा। विभाग का मानना है कि डिजिटल माध्यमों के जरिए युवाओं तक रोजगार और कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी तेजी से पहुंचाई जा सकेगी।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page