खबर का असर: कुमाऊं में टैक्स चोरी पर एक्शन…राज्य कर विभाग सख्त, लाखों की वसूली से मचा हड़कंप

खबर शेयर करें

रुद्रपुर/हल्द्वानी: कुमाऊं मंडल में बाहरी राज्यों से पहुंच रहे टैक्स चोरी के माल के मामले में ‘खबर कुमाऊं’ न्यूज पोर्टल द्वारा लगातार खुलासे किए जाने के बाद अब राज्य कर विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। विभाग ने सख्ती दिखाते हुए कई संदिग्ध वाहनों पर कार्रवाई कर भारी-भरकम जुर्माना वसूला है।

राज्य कर विभाग की वि.अनु.शा. एवं प्रवर्तन टीम ने संयुक्त अभियान चलाते हुए दिल्ली से रुद्रपुर-हल्द्वानी रूट पर विशेष निगरानी की। गोपनीय तरीके से चलाए गए इस अभियान में उत्तराखंड सीमा में प्रवेश करते ही संदिग्ध वाहनों को चिन्हित कर पकड़ा गया।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: बीकेटीसी के अधीन मंदिरों में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर लगेगा प्रतिबंध, बोर्ड बैठक में प्रस्ताव लाने की तैयारी

किच्छा सचल दल ने आकर्ष ट्रांसपोर्ट के एक वाहन को रोका, जबकि रुद्रपुर टीम ने सोमेश्वर लॉजिस्टिक्स की एक गाड़ी और आकर्ष ट्रांसपोर्ट से जुड़े तीन अन्य वाहनों को पकड़ने में सफलता हासिल की। टोल प्लाजा पर निगरानी रखकर विभाग ने सुनियोजित तरीके से यह कार्रवाई की।

जांच के दौरान किच्छा में स्क्रैप से भरी एक गाड़ी और रुद्रपुर में वेजिटेबल ऑयल का टैंकर भी रोका गया। जांच में कर चोरी सामने आने पर मौके पर ही वेजिटेबल ऑयल टैंकर से ₹13 लाख, स्क्रैप वाहन से ₹2.75 लाख वसूली की गई।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: धारी चौकी इंचार्ज और मुखानी थाने के एएसआई निलंबित, दो पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

अधिकारियों के मुताबिक, अभियान के दौरान 24 घंटे लगातार चेकिंग की गई। पकड़े गए वाहनों के भौतिक सत्यापन के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है और जांच अभी जारी है।

इस कार्रवाई में सहायक आयुक्त जीशान मलिक, प्रदीप चंद्र, राज्य कर अधिकारी सतीश पाल सिंह, सोम पाल, मनीष भट्ट और मुकेश पांडेय समेत कई अधिकारी शामिल रहे। विभाग का कहना है कि टैक्स चोरी और नियमों के उल्लंघन पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल: गेठिया पड़ाव में भीषण सड़क हादसा: किशोर की मौत, तीन युवक गंभीर रूप से घायल

सूत्रों के अनुसार, इस कार्रवाई के बाद दिल्ली, गाजियाबाद, बरेली समेत अन्य राज्यों से बंद बॉडी ट्रकों में आ रहे परचून, कपड़ा, जूता, कॉस्मेटिक सहित अन्य सामान की अवैध आवक पर फिलहाल रोक लगी है। कुछ विभागीय कर्मचारियों की मिलीभगत से टैक्स चोरी का माल ‘लोकेशन’ के खेल के जरिये हल्द्वानी के ट्रांसपोर्ट नगर तक पहुंचने की खबर है। देखना ये है कि विभागीय अधिकारियों की सक्रियता और कार्रवाई से कुमाऊं में टैक्स चोरी के खेल पर कितना अंकुश लगता है।

You cannot copy content of this page