IND vs AUS T20 में रिकॉर्ड्स की बारिश: मंधाना का कमाल, जेमिमा के 2500 रन, पेरी ने रचा इतिहास

खबर शेयर करें

भारत और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीमों के बीच एडिलेड में खेले गए आखिरी टी20 मुकाबले में रिकॉर्ड्स की झमाझम बारिश हुई। एक तरफ भारतीय उपकप्तान स्मृति मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नया कीर्तिमान स्थापित किया, तो दूसरी ओर जेमिमा रोड्रिग्स ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में 2500 रन पूरे कर लिए। वहीं ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज ऑलराउंडर एलिस पेरी ने 350 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया।

मंधाना का ‘ऑसी स्पेशल’ रिकॉर्ड
मंधाना ने 55 गेंदों पर आठ चौके और तीन छक्कों की मदद से 82 रन की धमाकेदार पारी खेली। इस अर्धशतक के साथ वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा अर्धशतक (8) लगाने वाली पहली बल्लेबाज बन गईं।
2016 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 डेब्यू करने वाली मंधाना अब तक 29 मुकाबलों में 33.07 की औसत और 124.27 के स्ट्राइक रेट से 860 रन बना चुकी हैं।

जेमिमा के 2500 रन पूरे
विस्फोटक बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने 46 गेंदों पर 59 रन की सधी हुई पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय में 2500 रन का आंकड़ा पार किया।

यह भी पढ़ें 👉  राजधानी पर आतंकी साया!...लाल किला और प्रमुख धार्मिक स्थल निशाने पर, सुरक्षा एजेंसियों का हाई अलर्ट

यह उनका 118वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला था। पांचवें ओवर में किम गार्थ की गेंद पर चौका जड़कर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। वह हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा के बाद यह मुकाम हासिल करने वाली चौथी भारतीय महिला बनीं।

यह भी पढ़ें 👉  टैरिफ विवाद सुलझे बिना नहीं होगी ट्रेड डील: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का बड़ा बयान

एलिस पेरी का ऐतिहासिक मुकाम
ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी ऑलराउंडर एलिस पेरी ने इस मुकाबले में उतरते ही 350 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का कीर्तिमान बनाया। वह ऑस्ट्रेलिया की ओर से यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली महिला खिलाड़ी हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: कैबिनेट बैठक में 12 प्रस्तावों को मंजूरी, उपनल कर्मियों और आपदा पीड़ितों को बड़ी राहत

2007 से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहीं पेरी से ज्यादा मैच केवल दो महिला क्रिकेटरों ने खेले हैं—भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर (357) और न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स (355)।

पेरी के बाद ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली मौजूदा कप्तान एलिसा हीली हैं, जिन्होंने 295 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। हीली ने घोषणा की है कि वह अगले महीने भारत के खिलाफ डे-नाइट टेस्ट के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देंगी।

You cannot copy content of this page