हल्द्वानी। उत्तराखंड में “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत चलाए जा रहे अभियान में नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने 203 ग्राम स्मैक के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत करीब 60.90 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक मनोज कुमार कत्याल और अमित कुमार के पर्यवेक्षण में 25 मार्च को क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बेलबाबा के पास एक महिला संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी। पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 203 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार महिला की पहचान कनिका (40) निवासी शिवनगर ट्रांजिट कैंप जिला ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ NDPS Act की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही अभियुक्ता के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई पर एसएसपी ने टीम को 2500 रुपये के नकद इनाम से पुरस्कृत किया है। उन्होंने सख्त संदेश देते हुए कहा कि जनपद में नशे का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ड्रग्स तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ उनकी अवैध संपत्तियों के जब्तीकरण की प्रक्रिया भी लगातार जारी रहेगी, ताकि नशे के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।
