हल्द्वानी: उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नैनीताल पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए एक महिला तस्कर को 132 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है, जिसकी कीमत करीब 36 लाख रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में चल रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत की गई। एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में नशे का कारोबार अब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
27 मार्च 2026 को हल्द्वानी के एफटीआई गेट के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी महिला को स्मैक की तस्करी करते हुए दबोच लिया। इस ऑपरेशन को पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार की निगरानी में अंजाम दिया गया, जबकि टीम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता ने किया।
गिरफ्तार अभियुक्ता की पहचान जोया खान (30 वर्ष) निवासी गौजाजाली, बनभूलपुरा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। आरोपी का पूर्व में भी धोखाधड़ी के मामलों में आपराधिक इतिहास सामने आया है।
नैनीताल पुलिस की इस कार्रवाई से यह साफ हो गया है कि अब नशा तस्करों के खिलाफ सख्ती और तेज होने वाली है। एसएसपी ने टीम के उत्साहवर्धन के लिए पुलिसकर्मियों को नकद इनाम भी दिया है।
इस वर्ष के आंकड़े भी पुलिस की सक्रियता को दर्शाते हैं। पिछले तीन महीनों में 14 मामलों में कार्रवाई करते हुए 18 तस्करों (जिसमें 2 महिलाएं शामिल) को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान कुल 2 करोड़ 66 लाख रुपये से अधिक की 901 ग्राम से ज्यादा स्मैक बरामद की गई है।
पुलिस का कहना है कि सिर्फ गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि ड्रग्स तस्करों की अवैध संपत्ति पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है, ताकि नशे के पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।
