हल्द्वानी/नैनीताल। जनपद में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। अब तस्करों के खिलाफ केवल आपराधिक कार्रवाई ही नहीं, बल्कि उनकी अवैध कमाई पर भी सीधा वार किया जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशों के क्रम में थाना हल्द्वानी में दर्ज मुकदमा संख्या 359/2025 (धारा 8/20 एनडीपीएस अधिनियम) में गहन जांच की गई। इस कार्रवाई की निगरानी पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी द्वारा की गई।
मामले में अभियुक्त नारायण दत्त परगाई निवासी ग्राम कुकना थाना मुक्तेश्वर जनपद नैनीताल के खिलाफ कार्रवाई की गई। विवेचना उपनिरीक्षक भुवन सिंह राणा द्वारा पूरी कर आरोप पत्र न्यायालय में भेजा जा चुका है।
जांच के दौरान वित्तीय पहलुओं की पड़ताल में यह सामने आया कि अभियुक्त के पुत्र के नाम पर कई वाहन पंजीकृत हैं, जिनमें Ertiga कार और दो मोटरसाइकिल शामिल हैं। इन संपत्तियों के संबंध में वैध आय का कोई संतोषजनक प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
इसके बाद पुलिस ने इन संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू करते हुए सक्षम प्राधिकारी (SAFEMA/NDPS Act, नई दिल्ली) को फ्रीजिंग ऑर्डर भेजा। 24 मार्च 2026 को जारी आदेश में Ertiga कार को अवैध रूप से अर्जित संपत्ति मानते हुए जब्ती के निर्देश दिए गए हैं।
नैनीताल पुलिस ने साफ किया है कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अब ऐसे मामलों में तस्करों की अवैध संपत्तियों को भी चिन्हित कर जब्त किया जाएगा। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी रणनीतिक पहल माना जा रहा है, जिससे नशा कारोबारियों की आर्थिक कमर तोड़ने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया गया है।
