देहरादून। प्रदेश सरकार ने अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि देते हुए श्रीनगर गढ़वाल स्थित राजकीय नर्सिंग कॉलेज डोभ का नामकरण उनके नाम पर करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर गुरुवार को इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया। चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधीन संचालित यह संस्थान अब स्वर्गीय अंकिता भंडारी राजकीय नर्सिंग कॉलेज के नाम से जाना जाएगा।
सचिव स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा डॉ. आर. राजेश कुमार ने कॉलेज के नाम परिवर्तन का शासनादेश जारी किया। इससे एक दिन पहले बुधवार को अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी और माता सोनी देवी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर अपनी भावनाओं से अवगत कराया था। इस दौरान अंकिता के पिता ने पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराए जाने का आग्रह भी किया और कुछ व्यक्तिगत विषयों पर मुख्यमंत्री से चर्चा की।
मुख्यमंत्री धामी ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया था कि सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी भावनाओं के अनुरूप सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में मुख्यमंत्री के निर्देश पर अगले ही दिन शासन ने नर्सिंग कॉलेज का नामकरण स्व. अंकिता भंडारी के नाम करने का आदेश जारी कर दिया।
