खौफनाक साजिश का पर्दाफाश…पत्नी और मासूम बेटे को जिंदा जलाया, फिर हथौड़े से की हत्या

खबर शेयर करें

रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में महिला सिपाही और उसके मासूम बेटे की मौत का मामला अब दिल दहला देने वाली साजिश में बदल गया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हत्या थी, जिसे खुद पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी दान सिंह ने अपनी पत्नी लता और दो साल के बेटे लड्डू की हत्या के लिए पूरी स्क्रिप्ट पहले से तैयार कर रखी थी। उसने नई कार के बहाने परिवार को नैनीताल घुमाने का प्लान बनाया और वहीं से इस खौफनाक साजिश की शुरुआत हुई।

सफर के साथ आगे बढ़ती रही साजिश

नैनीताल से लौटते समय बाजपुर के पास आरोपी ने कार रोकी और कोल्ड ड्रिंक में नींद की गोलियां मिलाकर पत्नी और बेटे को पिला दीं। दोनों के बेहोश होते ही उसने कार को डंपर से हल्का टकराया, ताकि हादसे का रूप दिया जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  अब उत्तराखंड बनेगा फिट, हर नागरिक तक पहुंचेगा स्वास्थ्य का संदेश

इसके बाद पहले से तैयार उसके साथी पेट्रोल लेकर पहुंचे और कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग की लपटों में फंसे मासूम लड्डू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

जिंदा बची पत्नी को भी नहीं छोड़ा

कार में लगी आग की तपिश से लता को होश आ गया और वह किसी तरह बाहर निकलकर सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में जा गिरी। यहां भी आरोपी ने उसे मारने की कोशिश करते हुए उसका सिर पानी में डुबो दिया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: अंकिता हत्याकांड पर गरमाई सियासत, भाजपा की पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ ने दिया इस्तीफा

इसी दौरान राहगीरों की भीड़ जुटने लगी तो दान सिंह ने फिर चाल बदली। वह पत्नी को इलाज के बहाने दूसरी कार में ले गया और रास्ते में हथौड़े से वार कर उसकी हत्या कर दी।

डेढ़ करोड़ के लालच में रची हत्या

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरी साजिश के पीछे मुख्य मकसद पत्नी की मौत के बाद मिलने वाली करीब डेढ़ करोड़ रुपये की सरकारी सहायता राशि हड़पना था।

पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

उत्तर प्रदेश पुलिस के अनुसार, 25 फरवरी की रात गंज कोतवाली क्षेत्र में हुई इस घटना को पहले सड़क हादसा बताया गया था। लेकिन आरोपी के कबूलनामे और साक्ष्यों के आधार पर पूरा सच सामने आ गया।

यह भी पढ़ें 👉  बरेली में भीषण सड़क हादसा: खड़े टैंकर से टकराई बोलेरो, पीछे से बाइक घुसी, 5 की मौत, बच्चे समेत 3 घायल

इस मामले में मुख्य आरोपी दान सिंह समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पहले भी संदिग्ध रही आरोपी की पृष्ठभूमि

जांच में यह भी सामने आया है कि दान सिंह की यह दूसरी शादी थी। उसकी पहली पत्नी की भी साल 2015 में एक सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी, जिससे अब पुलिस उस मामले की भी जांच कर सकती है।

इस सनसनीखेज खुलासे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। रिश्तों को शर्मसार करने वाली इस घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया है।

You cannot copy content of this page