नैनीताल/मुक्तेश्वर। नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर क्षेत्र में तेजी से हो रहे बहुमंजिला निर्माण और रिसॉर्ट्स को लेकर कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने गंभीर चिंता जताई है। क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कई स्थानों पर बड़े पैमाने पर निर्माण गतिविधियां देखीं, जिन पर प्रथम दृष्टया भू-कानून के उल्लंघन की आशंका जताई गई है।
भ्रमण के दौरान सामने आया कि कुछ लोग समूह बनाकर बड़े पैमाने पर इमारतों और रिसॉर्ट्स का निर्माण कर रहे हैं। इतना ही नहीं, इन निर्माणों के साथ-साथ होमस्टे योजना का लाभ भी लिया जा रहा है, जिससे योजनाओं के संभावित दुरुपयोग की स्थिति बन रही है।
आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि मुक्तेश्वर जैसे संवेदनशील और पर्यटन क्षेत्र में इस प्रकार की बड़ी इमारतों का निर्माण चिंताजनक है। यदि योजनाओं का दुरुपयोग कर अनियोजित निर्माण किया जा रहा है तो यह सीधे तौर पर भू-कानून की भावना के विपरीत है। उन्होंने आशंका जताई कि क्षेत्र में भू-कानून का व्यापक स्तर पर दुरुपयोग हो सकता है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने जिलाधिकारी नैनीताल और जिला विकास प्राधिकरण को निर्देश दिए हैं कि मुक्तेश्वर क्षेत्र में बन रही सभी बहुमंजिला इमारतों, रिसॉर्ट्स और बड़े निर्माण कार्यों की विस्तृत जांच कराई जाए। साथ ही पूरे प्रकरण की रिपोर्ट शीघ्र प्रशासन को प्रस्तुत करने को कहा गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में नियमों के उल्लंघन, अवैध निर्माण या योजनाओं के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा प्रशासन को भविष्य में इस तरह के निर्माण कार्यों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि भू-कानून का दुरुपयोग रोका जा सके।
